
अमृतसर: स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अमृतसर ट्रैफिक पुलिस ने शहर के विभिन्न स्कूलों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों के साथ-साथ स्कूली वैन चालकों और हेल्पर्स को भी सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।
पंजाब के स्पेशल एवं ट्रैफिक डीजीपी, पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल और एडीसीपी अमनदीप कौर के दिशा-निर्देशों पर ट्रैफिक एजुकेशन सेल के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर दलजीत सिंह के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न स्कूलों का दौरा किया।
अभियान के दौरान बच्चों को वैन में चढ़ते और उतरते समय सावधानी बरतने के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि वाहन से उतरते समय महिला हेल्पर की सहायता लेना जरूरी है और बच्चे को सुरक्षित तरीके से उसके घर के प्रवेश द्वार तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। हेल्पर को अभिभावकों को बच्चे के सुरक्षित घर पहुंचने की जानकारी देने में भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
वैन में सुरक्षा सुविधाओं की जांच पर जोर
ट्रैफिक पुलिस ने स्कूली वैन में आवश्यक सुरक्षा उपकरणों और व्यवस्थाओं को लेकर भी संचालकों को निर्देश जारी किए। वाहनों में सीसीटीवी कैमरे, स्पीड गवर्नर, अग्निशमन यंत्र, महिला हेल्पर और पीने के पानी जैसी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके साथ ही वैन की सीटिंग व्यवस्था पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए गए। खिड़की के पास वाली सीट को निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुसार विपरीत दिशा में रखने तथा ड्राइवर और हेल्पर की वर्दी पर स्पष्ट नेम प्लेट लगाने के लिए कहा गया।
ट्रैफिक एजुकेशन सेल की टीम ने कहा कि बच्चों को सड़क हादसों से बचाने के लिए नियमों का पालन सबसे प्रभावी सुरक्षा उपाय है। वैन चालकों और हेल्पर्स से अपील की गई कि वे बच्चों की जिम्मेदारी को गंभीरता से लेते हुए वाहन चलाते और बच्चों को संभालते समय पूरी सावधानी बरतें।
अभिभावक भी करें वैन की जांच
ट्रैफिक पुलिस ने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे केवल स्कूल वैन की सुविधा देखकर ही बच्चों को उसमें न भेजें, बल्कि वाहन की सुरक्षा व्यवस्था स्वयं भी जांचें। माता-पिता यह सुनिश्चित करें कि वैन में आवश्यक सुरक्षा उपकरण मौजूद हों और चालक व हेल्पर निर्धारित नियमों के अनुरूप अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हों।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बच्चों की सुरक्षित यात्रा के लिए प्रशासन, स्कूल प्रबंधन, वैन संचालकों और अभिभावकों सभी की संयुक्त जिम्मेदारी है। ऐसे जागरूकता अभियानों का उद्देश्य इसी सामूहिक जिम्मेदारी को मजबूत करना है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...