पंजाब डेस्क: बरनाला जिले के गांव फरवाही में आज सुबह एक बेहद दुखद हादसा हो गया, बता दें कि एक जर्जर मकान के गिरने से तीन मजदूरों की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक की तलाश अब भी जारी है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
नींव कमजोर होने से हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गांव फरवाही निवासी विशाल पुत्र जीवन कुमार के मकान की नींव सीवरेज का पानी जाने के कारण कमजोर हो गई थी। इसी कारण मकान का एक हिस्सा बैठ गया था। मकान की मरम्मत और उसे ऊपर उठाने का काम मोगा निवासी ठेकेदार रणजीत द्वारा करवाया जा रहा था।
मकान में सो रहे थे 4 युवक
शनिवार रात चार युवक-बॉबी सिंह, प्रिंस, गुरजीत सिंह और एक अज्ञात युवक उसी मकान के अंदर सो रहे थे। ये सभी मोगा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। रविवार सुबह अचानक मकान की एक दीवार झुक गई, जिसके बाद पूरा ढांचा भरभराकर गिर गया।
3 की मौके पर मौत
हादसे में तीन युवकों की मलबे के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों के शवों को सिविल अस्पताल बरनाला के शवगृह में रखवाया गया है। वहीं चौथे युवक की तलाश के लिए प्रशासन और राहत दल लगातार बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।
मामले की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस दुखद घटना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।