Site icon Dainik Savera Times

लुधियाना-चंडीगढ़ हाईवे पर दर्दनाक हादसा: बाइक का टायर फटने से पुल से गिरी 2 लड़कियों की हुई मौत

खन्ना: पंजाब के खन्ना में लुधियाना चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जब तेज रफ्तार बाइक का टायर फट गया। इस हादसे में बाइक पर सवार 2 लड़कियों की मौत हो गई। वहीं, बाइक चला रहे युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि बाइक का टायर फटने से बाइक बेकाबू हो गई और बाइक पर सवार दोनों लड़कियां पुल से नीचे गिर गईं। इससे एक लड़की की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरी ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।

बाइक चला रहे लड़के को गंभीर हालत में लुधियाना के अस्पताल में रेफर किया गया है। यह हादसा खन्ना के समराला बाईपास पर गांव दयालपुरा के पास पुल पर हुआ। मृतक युवतियों की पहचान सपना (26) और शकुंतला (28) निवासी ढंढारी जिला लुधियाना के रूप में हुई। वहीं बाइक चला रहे युवक की पहचान अंकित (30) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों बाइक पर सवार होकर धार्मिक स्थल से लौट रहे थे। मृतक युवतियों में से एक राष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी बताई जा रही है।

राहगीर जस्सा सिंह ने बताया कि दो युवतियां और एक युवक बाइक पर सवार होकर लुधियाना की तरफ जा रहे थे। जब बाइक समराला बाईपास पर गांव दयालपुरा के पास पुल पर चढ़ी तो उसका टायर फट गया, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया। इससे बाइक सवार दोनों युवतियां पुल से नीचे सड़क पर गिर गईं। जिसमें एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई और दो घायलों को सरकारी अस्पताल भेजा गया। बाइक सवार दोनों युवतियां और युवक किसी नैना देवी से माथा टेककर लौट रहे थे। जब दोनों लड़कियां पुल पर बाइक से गिरी तो उनके हाथ में माता रानी से मिले प्रसाद के लिफाफे थे। लड़कियां करीब 25 फीट की ऊंचाई से सड़क पर गिरी।

Exit mobile version