Samana-Patiala road accident: समाना-पटियाला रोड पर एक स्कूल वैन और टिप्पर ट्रक में भीषण टक्कर होने से 5 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में स्कूल वैन में सवार 5 बच्चों सहित चालक शामिल हैं। इसके अलावा करीब आधा दर्जन बच्चें भी घायल हो गए। हादसे की सूचना बच्चों के माता-पिता को मिलने पर उनके घटना स्थल पर पहुंचने से हर तरफ कोहराम मच गया। हादसे की सूचना मिलने पर समाना पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किए। सड़क पर से गुजर रहे आम लोगों ने भी घायल बच्चों को निकालने में मदद की।
जानकारी के मुताबिक समाना के यह सभी बच्चे पटियाला के भूपिंदरा इंटरनैशनल स्कूल में शिक्षा ले रहे थे। बाद दोपहर स्कूल में छुट्टी होने के बाद यह बच्चे अपनी वैन से समाना लौट रहे थे। इसी दौरान जब वह समाना पटियाला रोड पर गांव नससुपुर के पास पहुंचे तो एक तेज रफ्तार टिप्पर से वैन की टक्कर हो गई। इस हादसे के बाद सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकालने का कार्य शुरू किया।
हादसा इतना भयंकर था कि जेसीबी मशीन से वैन को काट कर बच्चों को बाहर निकाला गया। घटनास्थल पर हर तरफ बच्चों के स्कूल बैग और अन्य सामान बिखरा पड़ा था। हादसे में मरने वाले बच्चों की पहचान 12 वर्षीय प्रभा सचदेवा पुत्र राजीव सचदेवा, 11 वर्षीय बवाश्सी पुत्र कर्ण सचदेवा, 10 वर्षीय अराध्या पुत्री सचिन लूंबा, भवियान पुत्र कर्ण सचदेवा, 10 वर्षीय सेजल बंसल पुत्री मोहित बंसल तथा वैन चालक बलविंदर सिंह पुत्र छोटा सिंह निवासी गांव फतेहपुर के तौर पर की गई।

