Site icon Dainik Savera Times

खन्ना में दर्दनाक सड़क हादसा: कैंटर ने एक्टिवा को मारी टक्कर,10 वर्षीय बच्चे की मौके पर हुई मौत

खन्ना: पंजाब के खन्ना में नेशनल हाईवे पर बुधवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। इस हादसे में 10 साल के बच्चे की मौत हो गई। बच्चा अपने पड़ोसी के साथ मंजी साहिब गुरुद्वारा में माथा टेकने के बाद घर लौट रहा था। लौटते समय एक कैंटर ट्रक ने उसे कुचल दिया। मृतक की पहचान खटीका मोहल्ला खन्ना निवासी चिराग पासवान के रूप में हुई, जबकि एक्टिवा चला रहा पड़ोसी भरत घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार गग्गड़ माजरा के पास फुटपाथ पर एक युवक पड़ा था। उसकी मदद के लिए राहगीर वहां जमा हो गए। लोगों को देखकर एक व्यक्ति ने जीटी रोड के बीचोंबीच अपनी गाड़ी रोक दी।इसी दौरान भरत और 10 साल का बच्चा चिराग एक्टिवा पर पीछे से आ रहे थे और उनके पीछे एक कैंटर था। कैंटर ने एक्टिवा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीछे बैठा बच्चा चिराग उछलकर सड़क पर गिर गया। एक्टिवा चालक भरत एक तरफ गिर गया।

कैंटर बच्चे के ऊपर से गुजर गया और कार से भी टकरा गया। बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। रोड सेफ्टी फोर्स तुरंत मदद के लिए वहां पहुंच गई। सब इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह ने बताया कि सबसे पहले एंबुलेंस बुलाकर घायल भारत को सिविल अस्पताल भिजवाया गया। बाद में बच्चे के शव को शवगृह में रखवाया गया। साथ ही कोट चौकी से पुलिस बुलाकर वैगनआर कार और कैंटर को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

Exit mobile version