पंजाब डेस्क: गुराया के निकट हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक और एक्टिवा स्कूटर की टक्कर में एक मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वंदना अपने बेटे आरूश और बेटी निताशा के साथ एक्टिवा पर सवार होकर गांव पतारा (रामा मंडी) से लुधियाना जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक्टिवा अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।
मासूम निताशा ने मौके पर तोड़ा दम
हादसे में निताशा नामक मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां वंदना घायल हो गईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत सहायता पहुंचाने का प्रयास किया।
पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लिया
एसएसएफ ने घटना की जानकारी तत्काल थाना गुराया पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक के साथ उसके चालक को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद मासूम बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल फिल्लौर भेजा गया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक द्वारा पीछे से टक्कर मारने की बात सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

