Site icon Dainik Savera Times

लुधियाना में आज बड़ा हादसा: चावल की फक्क से भरा ट्राला पलटा, 4 लोग घायल

https://dainiksaveratimes.com/wp-content/uploads/2026/08/VID_20260813_103737.mp4

पंजाब डेस्क: लुधियाना में आज सुबह चीमा चौक फ्लाईओवर के पास चावल की फक्क (तूड़ी) से भरा एक ट्राला अचानक पलट गया। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के इलाके में भारी ट्रैफिक जाम लग गया। हादसे में ट्राले में सवार चार लोग घायल हो गए।

कार की साइड लगने से बिगड़ा संतुलन

जानकारी के अनुसार, ट्राला सुबह करीब 8 बजे फरीदकोट से तूड़ी लेकर लुधियाना के ट्रांसपोर्ट नगर की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्राला चीमा चौक फ्लाईओवर की ओर चढ़ रहा था, तभी पीछे से आ रही एक कार ने उसकी साइड को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्राले का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गया।

हादसा इतना जोरदार था कि ट्राले का पहिया और एक्सल अलग हो गए। ट्राले में फंसे लोगों को राहगीरों ने मौके पर पहुंचकर बाहर निकाला। चार लोगों को चोटें आई हैं। फिलहाल किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

हादसे के बाद लगा लंबा ट्रैफिक जाम

ट्राला सड़क पर पलटने के कारण चीमा चौक के आसपास यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। लोगों को एक जगह से दूसरी जगह जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर पहुंची ट्रैफिक पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए यातायात को नियंत्रित किया।

📍 Location: Ludhiana (Ludhiana)

Exit mobile version