पटियाला : जिला पटियाला में जनगणना-2027 के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना के संबंध में गणनाकारों और सुपरवाइजरों के लिए चार्ज स्तर पर प्रशिक्षण शुरू हो गया है। यह प्रशिक्षण जिले की 6 तहसीलों, 5 नगर परिषदों और 4 नगर पंचायतों में आयोजित किया जा रहा है। जनगणना सर्कुलर नंबर 27 के अनुसार ये प्रशिक्षण 5 अक्तूबर से 10 नवंबर तक आयोजित किए जाएंगे। यह प्रशिक्षण डिप्टी कमिश्नर-कम-प्रिंसिपल जनगणना अधिकारी, पटियाला डॉ. हिमांशु अग्रवाल (आईएएस) के नेतृत्व में शुरू हुआ है।
अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास)-कम-जिला जनगणना अधिकारी दमनजीत सिंह मान (पीसीएस) जिला पटियाला में जनगणना नोडल अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं।जिला स्तर पर प्रशिक्षित 58 फील्ड ट्रेनरों द्वारा 6 तहसीलों, 5 नगर परिषदों और 4 नगर पंचायतों में लगभग 3,300 गणनाकारों, सुपरवाइजरों और रिजर्व स्टाफ को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों की निगरानी अमन कुमार बलिहार, जिला समन्वयक, जनगणना संचालन विभाग, पंजाब, चंडीगढ़; निशू शर्मा, मास्टर ट्रेनर, पटियाला; तथा सहायक अनुसंधान अधिकारी-कम-अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी, पटियाला जसविंदर कौर और जनगणना सेल की टीम द्वारा चार्ज स्तर पर जाकर की जा रही है।
जनगणना-2027 के दूसरे चरण में ये गणनाकार 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य करेंगे। इस दौरान नागरिकों से 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। तहसील और चार्ज स्तर पर आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों के दौरान सुपरवाइजरों और गणनाकारों को जनगणना-2027 के दूसरे चरण से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। जिला पटियाला के अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास)-कम-जिला जनगणना अधिकारी ने बताया कि इस बार जनगणना में स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की नई पहल की गई है।
इसके तहत कोई भी नागरिक 16 से 30 नवंबर तक अपने घर की गणना स्वयं कर सकता है।उन्होंने जिला पटियाला के निवासियों से अपील की कि वे स्व-गणना की प्रक्रिया में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें। इस दौरान तहसील पटियाला में उप-अर्थ एवं सांख्यिकी सलाहकार जसविंदर कौर, अमन कुमार बलिहार, जिला समन्वयक, जनगणना सेल की टीम के सदस्य नरेंद्र कुमार, क्लर्क लेखा, बिक्रमजीत सिंह, इन्वेस्टिगेटर, कुलइंदरजीत सिंह और हेमंत कुमार, इन्वेस्टिगेटर उपस्थित रहे।

