पंजाब डेस्क: पंजाब के लुधियाना में हरियाणा की एक ट्रांसजेंडर के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। यह घटना लुधियाना के शिमलापुरी स्थित बसंत एवेन्यू, सतजोत नगर इलाके की है, जहां दो सगे भाइयों सहित तीन युवकों ने ट्रांसजेंडर को अपने घर बुलाकर उसके साथ जबरदस्ती की।
मारपीट की, जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए: पीड़िता
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह आरोपियों तरनपाल सिंह मोंगा, उसके भाई दविंदरपाल सिंह मोंगा और उनके साथी गुरकरण सिंहको पहले से जानती थी। इन्हीं लोगों ने उसे मिलने के बहाने घर बुलाया। जैसे ही वह वहां पहुंची, तीनों ने उसके साथ मारपीट की और जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए।
आरोपियों ने धमकाया
इसके बाद आरोपियों ने उसे धमकाया कि अगर वह किसी को इस घटना के बारे में बताएगी, तो उसके लिए परिणाम बेहद खतरनाक होंगे। डरी-सहमी युवती किसी तरह वहां से बचकर हरियाणा के फरीदाबाद स्थित अपने घर पहुंची।
परिवार को घटना के बारे में बताया
फरीदाबाद पहुंचकर उसने पूरी घटना परिवार को बताई। इसके बाद परिवार वालों ने तुरंत हरियाणा पुलिस से संपर्क किया। फरीदाबाद पुलिस ने ट्रांसजेंडर की शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ जीरो FIR दर्ज कर मामला लुधियाना पुलिस को भेज दिया।
शिमलापुरी पुलिस का बयान
कमिश्नरेट थाना शिमलापुरी पुलिस ने अब तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह वारदात सितंबर महीने की बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता का मेडिकल करवाया जाएगा और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जांच अधिकारी सलविंदर पाल सिंह ने बताया कि मामले में कार्रवाई जारी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

