लुधियाना: लुधियाना के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। मोहाली एयरपोर्ट तक पहुंचना अब पहले से कहीं ज्यादा आसान और तेज हो गया है। कुराली से मोहाली के लिए खोले गए नए एक्सप्रैस-वे ने सफर का समय लगभग आधे घंटे तक कम कर दिया है। अब लुधियाना से एयरपोर्ट जाने वाले यात्री मोरिंडा के बाद चंडीगढ़ यूनिवर्सटिी के सामने से इस नए एक्सप्रेस-वे का उपयोग कर सकते हैं। इससे गोपाल स्वीट्स वाले जंक्शन पर लगने वाले भारी जाम और मोहाली मेन रोड की कई ट्रैफिक लाइटों से पूरी तरह निजात मिल गई है। यह एक्सप्रैस-वे आईटी सिटी से होते हुए सीधे एयरपोर्ट चौक तक जाता है, जिससे सफर बेहद सुगम हो गया है।
आने वाले कुछ महीनों में इस एक्सप्रैस-वे को सर¨हद से भी जोड़ने की योजना है। इसके बाद मोहाली एयरपोर्ट जाने के लिए राजपुरा होकर जाने की मजबूरी खत्म हो जाएगी, जिससे यात्रियों का समय और ईंधन दोनों की बचत होगी। इसी बीच, मोहाली एयरपोर्ट को नई अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों से जोड़ने की कवायद भी तेज की जा रही है। यदि यह योजना साकार होती है तो पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के यात्रियों को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए दिल्ली नहीं जाना पड़ेगा। इससे न सिर्फसमय और ईंधन की बचत होगी, बल्कि दिल्ली के बढ़ते प्रदूषण को कम करने में भी मदद मिलेगी।
दूसरी ओर, औद्योगिक नगरी लुधियाना के लोग अपने तैयार हो चुके एयरपोर्ट के शुरू होने का अब भी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। राजनीति की भेंट चढ़ चुके इस एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू होना शहर की बड़ी जरूरत बन चुका है। उद्योग और व्यापार के लिहाज से लुधियाना को हवाई कनैक्टिविटी की सख्त आवश्यकता है। उम्मीद जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री जल्द ही पंजाबवासियों की इस बहुप्रतीक्षति मांग को पूरा करेंगे और लुधियाना एयरपोर्ट से भी उड़ानें शुरू होंगी।

