Site icon Dainik Savera Times

रूस में नौकरी का झांसा देकर युवक से लाखों की ठगी, सेना में भर्ती का बनाया दबाव

https://dainiksaveratimes.com/wp-content/uploads/2026/08/VID-20260806-WA0023-1.mp4

जालंधर: शहर के रामनगर निवासी आकाशदीप फर्जी ट्रैवल एजेंट के झांसे में आकर एक बड़े फर्जीवाड़े का शिकार हो गए। रामनगर मार्केट के ट्रैवल एजेंट पवन कुमार ने उन्हें रूस में फ्रूट पैकिंग की नौकरी का झांसा दिया था। इसके लिए छह लाख रुपये में सौदा तय हुआ था और सत्तर हजार से एक लाख बीस हजार रुपये महीने की सैलरी देने का वादा किया गया था। आकाश के परिवार ने एजेंट को साढ़े तीन लाख रुपये दे दिए थे, जिसमें से ढाई लाख रुपये रूस पहुंचने पर चुकाए गए थे।

रूस पहुंचने के बाद आकाश को फ्रूट पैकिंग की जगह जबरन कंस्ट्रक्शन के काम में लगा दिया गया। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उन्हें रूसी सेना में शामिल होने के लिए दबाव बनाया जाने लगा। उनसे कहा गया कि रूसी सेना जॉइन करने पर उन्हें बीस से तीस लाख रुपये मिलेंगे। मना करने पर उनसे कहा गया कि उन्हें वहां कंस्ट्रक्शन का काम ही करना पड़ेगा। आकाश को वर्क वीजा का भरोसा देकर टूरिस्ट वीजा पर भेजा गया था, जहां पुलिस की रेड पड़ने के बाद उन्हें वहां से भागना पड़ा।

जान बचाने के लिए आकाश और उनके साथी जंगलों की तरफ भागे, जहां ड्रोन हमलों के बीच उन्हें दो-तीन दिन बिना खाने-पीने के बिताने पड़े। उनके साथ गए 20 से 25 भारतीय युवकों में से कई जंगल में बिछड़ गए और उनका अब तक कोई अता-पता नहीं है। आकाश और राजस्थान का एक युवक रेलवे पटरी के सहारे पांच-चार घंटे लगातार पैदल चलकर एक स्टेशन पहुंचे, जहां एक मददगार रूसी नागरिक ने उनकी ट्रेन की टिकट करवाकर उन्हें मॉस्को में उनके दोस्त के पास पहुंचाया।

भारत वापस लौटने के लिए आकाश को अपना बाइक और पत्नी के गहने तक बेचने पड़े। जब परिवार ने एजेंट से जवाब मांगा तो उसने झूठ बोला कि लड़के काम कर रहे हैं और उनके फोन कंपनी ने जमा कर लिए हैं। दो जुलाई को भारत वापस आने के बाद जब आकाश ने अपने पैसे वापस मांगे तो एजेंट ने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया और जहां शिकायत करनी हो करने की धमकी दी। आकाश ने एंटी फ्रॉड सेल में एजेंट के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और लोगों से ऐसे फर्जी एजेंटों के बहकावे में न आने की अपील की है।

Exit mobile version