श्री मुक्तसर साहिब: पंजाब सरकार की ओर से खेलों को बढ़ावा देने, नई प्रतिभाओं और खिलाड़ियों के हुनर की पहचान करने तथा अधिक से अधिक लोगों को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ‘खेडां वतन पंजाब दियां 2026’ के तहत राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के लिए विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों के ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं।
जिला खेल अधिकारी श्री मुक्तसर साहिब अनिंदरवीर कौर बराड़ ने बताया कि पंजाब खेल विभाग के निर्देशों के अनुसार राज्य के विभिन्न जिलों में 10 अक्टूबर से 23 नवंबर 2026 तक अलग-अलग खेलों की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें लड़के-लड़कियों के साथ-साथ महिला और पुरुष वर्ग के मुकाबले भी शामिल होंगे।
इन खेलों के लिए होंगे ट्रायल
जिन खेलों के जिला स्तरीय मुकाबले आयोजित नहीं किए गए हैं या जिन खेलों में सीधे राज्य स्तर पर एंट्री होनी है, उनमें ट्रायल के आधार पर योग्य खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम, श्री मुक्तसर साहिब में जूडो, लॉन टेनिस, फेंसिंग, शतरंज, रोइंग, कयाकिंग/कैनोइंग, साइकिलिंग, वुशू, घुड़सवारी, ताइक्वांडो, जिम्नास्टिक्स, रग्बी और कराटे के ट्रायल विभिन्न आयु वर्गों में आयोजित किए जाएंगे।
इसके अलावा सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, श्री मुक्तसर साहिब में टेबल टेनिस और मालवा स्कूल, गिद्दड़बाहा में तैराकी के ट्रायल होंगे।
5 अक्टूबर को नेटबॉल, 6 अक्टूबर को अन्य खेलों के ट्रायल
जिला खेल अधिकारी के अनुसार नेटबॉल के ट्रायल 5 अक्टूबर 2026 को सुबह 9 बजे बाबा फरीद स्कूल, छत्तेआणा में आयोजित किए जाएंगे।
वहीं जूडो सहित निर्धारित अन्य खेलों के ट्रायल 6 अक्टूबर 2026 को सुबह 9 बजे संबंधित निर्धारित स्थानों पर शुरू होंगे।
खिलाड़ियों के लिए जरूरी पात्रता और दस्तावेज
ट्रायल में भाग लेने वाला खिलाड़ी पंजाब का निवासी होना चाहिए या पंजाब के किसी शैक्षणिक संस्थान में पढ़ रहा होना चाहिए। इसके लिए खिलाड़ी के पास निवास प्रमाण पत्र, पंजाब का आधार कार्ड या शैक्षणिक संस्थान का आईडी कार्ड होना जरूरी है।
खिलाड़ियों को ट्रायल में हिस्सा लेने से पहले अपनी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पंजाब खेल विभाग के पोर्टल पर करना अनिवार्य होगा। उम्र के प्रमाण के तौर पर आधार कार्ड साथ लाना होगा। इसके अलावा खिलाड़ी को अपनी ऑफलाइन समरी शीट ट्रायल स्थल पर जमा करवानी होगी।
अधिक जानकारी के लिए यहां करें संपर्क
ट्रायल से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला खेल कार्यालय के कर्मचारी एवं जिम्नास्टिक्स कोच श्री दीपि रानी से मोबाइल नंबर 9781572027 पर संपर्क किया जा सकता है।
📍 Location: Shri muktsar sahib (Shri muktsar sahib)

