Truck Accident in Khanna : लुधियाना के खन्ना में बीती रात राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसा हो गया। जिसमें एक ट्रक चालक की मौत हो गई। बता दें कि, जब ट्रक चालक बेजा चौक के पास पहुंचा तो उसका ट्रक आगे जा रहे दूसरे ट्रक से टकरा गया। हादसे में वह ट्रक के केबिन में फंस गया था। उसे क्रेन और ट्रैक्टर की मदद से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मौके पर पहुँच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है। वहीं पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ट्रक चालाक शराब से भरा ट्रक लेकर लुधियाना से खन्ना जा रहा था। तभी ये हादसा हो गया। मृतक की पहचान गुरदासपुर निवासी बलविंदर सिंह के रूप में हुई है। वहीं जब वह बेजा चौक के पास पहुंचा तो उसका ट्रक आगे जा रहे दूसरे ट्रक से टकरा गया। इससे उसके ट्रक का अगला केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बलविंदर सिंह बाहर नहीं निकल सका और केबिन में फंसकर उसकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलने पर रोड सेफ्टी फोर्स के सब इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हादसे में ट्रक के केबिन में फंसे चालक बलविंदर सिंह के शव को निकालने के लिए क्रेन और ट्रैक्टर की मदद लेनी पड़ी। जांच में पता चला कि आगे चल रहा ट्रक निर्धारित गति सीमा के अंदर था, जबकि बलविंदर का ट्रक तेज गति से चल रहा था। जिसकी वजह से ये दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सदर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

