राजपुरा : थाना शंभू के अंतर्गत आने वाले गांव घग्गर सराय के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में गांव डाहरिया निवासी मलकीत सिंह पुत्र निशान सिंह ने बताया कि उसका भाई संदीप सिंह अपने मोटरसाइकिल पर जा रहा था। इसी दौरान उनका दोस्त जगपाल शर्मा पुत्र खरैत राम निवासी नरेश विहार, घेर रोड अंबाला अपने मोटरसाइकिल पर जशन शर्मा पुत्र राज कुमार निवासी गांव उलाणा को साथ बिठाकर गांव घग्गर सराय की तरफ जा रहा था।
शिकायत के अनुसार, जब वे घग्गर सराय के पास पहुंचे, तो सामने से आ रहे एक ट्रक के चालक ने कथित तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए पहले जगपाल शर्मा की मोटरसाइकिल को और बाद में संदीप सिंह की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि जशन शर्मा और संदीप सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जगपाल शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना शंभू पुलिस ने शिकायत के आधार पर ट्रक चालक नैन (नरायण) पुत्र केसरो निवासी संजय कॉलोनी भट्टी माइन, थाना फतेहपुर बेरी, दक्षिण दिल्ली के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

