Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

चोरी मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आठ मोटरसाइकिलों समेत दो आरोपी गिरफ्तार

September 6, 2026

चोरी मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आठ मोटरसाइकिलों समेत दो आरोपी गिरफ्तार

मोगा: थाना सिटी मोगा पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिलों के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की कुल आठ मोटरसाइकिलें बरामद करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जसविंदर सिंह पुत्र जमीत सिंह निवासी साधावाली बस्ती, चीमा रोड, कोट ईसे खां तथा निशान सिंह पुत्र जसवंत सिंह निवासी चीमा रोड, कोट ईसे खां के रूप में हुई है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए सहायक थानेदार जगविंदर सिंह ने बताया कि थाना सिटी मोगा पुलिस की टीम बीती रात दाना मंडी मोगा के आसपास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि जसविंदर सिंह उर्फ जस्सा चोरी की मोटरसाइकिलों के मामले में संदिग्ध है और वह नई दाना मंडी मोगा क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए जसविंदर सिंह को काबू कर लिया।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपी से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ करने पर उसके एक अन्य साथी निशान सिंह के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने निशान सिंह को भी मामले में नामजद करते हुए गिरफ्तार कर लिया।

सहायक थानेदार के अनुसार पुलिस पूछताछ के दौरान निशान सिंह की निशानदेही पर चोरी की तीन और मोटरसाइकिलें बरामद करवाई गईं। इस तरह पुलिस ने दोनों आरोपियों से चोरी की कुल आठ मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद की गई मोटरसाइकिलें कहां-कहां से चोरी की गई थीं और इस गिरोह में इनके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच जारी है और पूछताछ के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें