मोगा: जिले के थाना धर्मकोट के अंतर्गत आते गांव फिरोजवाला मंगल सिंह स्थित आंगनवाड़ी स्कूल में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले 4 आरोपियों में से 2 को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने सभी चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।
थाना धर्मकोट के सहायक थानेदार एवं जांच अधिकारी जरनैल सिंह ने बताया कि आंगनवाड़ी वर्कर सरबजीत कौर पत्नी नरेश कुमार निवासी फिरोजवाला मंगल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 18-19 अगस्त की मध्यरात्रि आंगनवाड़ी स्कूल के ताले टूटे हुए मिले। स्कूल की जांच करने पर वहां से दो गट्टे गेहूं, प्रत्येक 50-50 किलोग्राम, एक 50 किलोग्राम चावल का गट्टा तथा एक एलईडी चोरी होने की बात सामने आई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और प्रारंभिक जांच के आधार पर चोरी की वारदात में शामिल गुरजंट सिंह उर्फ विक्की पुत्र मुंशा सिंह निवासी धर्मकोट तथा राजविंदर सिंह उर्फ अर्श पुत्र शेर सिंह निवासी फिरोजवाला बाड़ा को गिरफ्तार कर लिया।
जांच अधिकारी ने बताया कि वारदात में शामिल उनके दो अन्य साथी भिंदर सिंह उर्फ भिंडी पुत्र हरनेक सिंह निवासी धर्मकोट तथा दविंदर सिंह पुत्र मंगल सिंह निवासी धर्मकोट पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। दोनों की तलाश के लिए पुलिस द्वारा संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।पुलिस के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है और गिरफ्तार आरोपियों से चोरी की गई सामग्री तथा वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
📍 Location: धर्मकोट

