Site icon Dainik Savera Times

मोगा में 125 नशीली गोलियों सहित दो गिरफ्तार

Two arrested with 125 narcotic pills : मोगा। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 125 नशीली गोलियां बरामद हुई हैं। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।

पहले मामले में थाना मैहना पुलिस ने 65 नशीली गोलियों सहित एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए ए.एस.आई. करमजीत कौर ने बताया कि पुलिस टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान दाना मंडी गांव डाला के नजदीक संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे एक व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 65 नशीली गोलियां बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान राम सिंह उर्फ अजय पुत्र केवल सिंह निवासी गांव धूड़कोट चढ़त सिंह वाला के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना मैहना में एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर नशीली गोलियों की सप्लाई के स्रोत तथा उसके नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

इसी तरह दूसरे मामले में थाना अजीतवाल पुलिस ने 60 नशीली गोलियों के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। सहायक थानेदार मनदीप कौर ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति नशीली गोलियों की सप्लाई के लिए इलाके में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दाना मंडी ढुडीके के नजदीक नाकाबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 60 नशीली गोलियां बरामद हुईं। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान चरणजीत सिंह उर्फ चन्नी पुत्र चमकौर सिंह निवासी गांव ढुडीके के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना अजीतवाल में एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नशीले पदार्थों की तस्करी व बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version