समाना : एसएसपी पटियाला हरमनदीप सिंह हंस द्वारा समाज में चोरी करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए दिए गए आदेशों और निर्देशों का पालन करते हुए 20 चोरी की मोटरसाइकिल एवं 2 एक्टिवा स्कूटर बिना नंबर प्लेट के कुल 22 चोरी के वाहन बरामद किए गए हैं। मोटरसाइकिल एवं स्कूटर चोरी करने वाले आरोपी उनका चैसी नंबर ग्राइंड करते थे और उनको आगे बेचते थे।
पुलिस के मुताबिक इंस्पैक्टर अंकुरदीप सिंह इंचार्ज सीआईए समाना की देखरेख में पुलिस टीम को एक बड़ी सफलता मिली है। नाकाबंदी के दौरान एएसआई सेवक सिंह सीआईए समाना ने टीम के साथ गुरभजन सिंह उर्फ जोली पुत्र गुरमेल सिंह निवासी गांव भटेड़ी कलां, थाना सदर पटियाला से एक चोरी की मोटरसाइकिल स्प्लेंडर प्रो जब्त किया।
मोटरसाइकिल के कागजात चैक किए तो उक्त मोटरसाइकिल पटियाला से थाना सिटी समाना में रजिस्टर्ड था। पूरी जांच करने के बाद आरोपी गुरभजन सिंह उर्फ जॉली के लिखित बयान अनुसार पटियाला से समाना रोड पर भाखड़ा पटरी के पास झाडि़यों से बिना नंबर प्लेट के 7 मोटर साइकिल बरामद किए गए और आरोपी गुरभजन सिंह उर्फ जॉली का दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया।
उससे पूछताछ के आधार पर उसके साथी जसप्रीत सिंह उर्फ जस पुत्र सैसी सिंह निवासी गांव ककराला भाईका, सदर समाना को पकड़ा गया। आरोपी को 15 सितंबर को गिरफ्तार किया गया और आरोपी जसप्रीत सिंह उर्फ जस के लिखित बयान अनुसार पटियाला रोड पर गांव फतेहपुर में बस स्टैंड के पास सड़क के किनारे बने एक खाली कमरे से 12 बिना नंबर प्लेट के मोटरसाइकिल और 2 एक्टिवा स्कूटर बरामद किए गए।