लुधियाना: 50 लाख रुपए फिरौती न देने पर बदमाशों ने सोमवार देर रात सिविल सिटी रोड पर बंद रैडीमेड गारमैंट शॉप के शटर पर गोलियां चलाई। 2 दिन पहले दुकानदार को गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग से 50 लाख रुपए फिरौती की कॉल आई थी लेकिन दुकानदार ने इसे सीरियस नहीं लिया और पुलिस को भी इसकी सूचना नहीं दी। सोमवार रात को भी दुकानदार को व्हाट्सएप्प नंबर पर एक नंबर से वॉयस मैसेज आया। सी.सी.टी.वी. कैमरों में तीन बदमाश बाइक पर नजर आए, जिनमें 2 ने उतरकर बंद दुकान के शटर पर गोलियां चलाई, जबकि तीसरा बाइक पर बैठा मोबाइल पर वीडियो बनाता नजर आया।
मंगलवार सुबह दुकान खोलने के वक्त ही गोलियां चलने के बारे में पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद थाना हैबोवाल की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को मौका-ए-वारदात से गोलियों के 2/3 खोल भी मिले हैं। इसके अलावा गोलियां चला रहे बदमाश भी वहां सी.सी.टी.वी. में रिकॉड हुए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह वारदात सिविल सिटी रोड पर गणपति गारमैंट्स के सामने डस्टी लुक शॉप में हुई।
सुबह डस्टी लुक शॉप के मालिक हिमांशु पहुंचे। उन्होंने दुकान के शटर पर गोलियों के निशान देखे और पुलिस को सूचित किया। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां सड़क पर पड़े गोलियों के खोल बरामद किए। हिमांशु ने पुलिस को बताया कि 2 दिन पहले उसे एक विदेशी मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप्प कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को रोहित गोदारा गैंग का सदस्य बताया था और 50 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी। हिमांशु का कहना है कि उन लोगों ने उसे इसके लिए 2 दिन का समय दिया था लेकिन उसने इस बात को सीरियस नहीं लिया और इस बारे में पुलिस को भी कोई सूचना नहीं दी।

