अमृतसर: ‘हिंद की चादर’ गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी वर्ष के अवसर पर 24 व 25 जनवरी को तख्त श्री हजूर साहिब में दो दिवसीय राज्य स्तरीय समागम आयोजित किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को विशेष रूप से निमंत्रण-पत्र दिया गया। यह निमंत्रण-पत्र महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस तथा दमदमी टकसाल के प्रमुख संत ज्ञानी हरनाम सिंह खालसा की ओर से भेजा गया। महाराष्ट्र से दिल्ली पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने पूर्ण सम्मान के साथ गृह मंत्री को निमंत्रण-पत्र सौंपते हुए समागमों में उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते अमित शाह ने प्रेम व आदर के साथ निमंत्रण स्वीकार किया और श्री हजूर साहिब नांदेड़ में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में शामिल होने का भरोसा दिया। प्रतिनिधिमंडल में महाराष्ट्र मुख्यमंत्री राहत कोष के प्रभारी रमेश्वर नाइक, महाराष्ट्र सरकार की अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य चरणदीप सिंह हैप्पी, नवी मुंबई गुरुद्वारा सुप्रीम काउंसिल के चेयरमैन भाई जसपाल सिंह सिद्धू, श्री हजूर साहिब सचखंड बोर्ड के चेयरमैन विजय सतबीर सिंह, संत बाबू सिंह महाराज, संत राम सिंह महाराज, तेजा सिंह बावरी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

