चंडीगढ़: पुलिस ने सोमवार को दो ड्रग पेडलर्स को शहर के अलग-अलग हिस्सों से चिट्टे और चरस की तस्करी करने वालों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उन्हें कोर्ट में पेश किया, यहां उन्हें आगे की पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान खुड्डा जस्सू निवासी रॉबिन भट्टी (32) और कुल्लू निवासी जयेश डेबलाऊ ( 36) के रूप में हुई है। सोमवार को शाम करीब 5 बजे डिस्ट्रिक्ट क्राइम सेल की एक टीम गांव खुड्डा लाहौरा के पास इलाके में असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए गश्त कर रही थी। इसी बीच आरोपी रॉबिन भट्टी पैदल पुलिस पार्टी की ओर आता हुआ दिखा। जैसे ही आरोपी ने पुलिस को देखा उसने मौके से भागने की कोशिश की।
हालांकि पुलिस ने उसका पीछा किया और उसे मौके पर ही पकड़ लिया। उसकी तलाशी के दौरान, पुलिस ने दावा किया कि उसके पास से 66.99 ग्राम हैरोइन बरामद हुई है। पुलिस ने हैरोइन जब्त कर ली और रॉबिन को एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत गिरफ्तार कर लिया। दूसरी ओर ऑपरेशन सेल की टीम शाम करीब 4:30 बजे मनीमाजरा में ढिल्लों सिनेमा के पीछे गश्त कर रही थी और आने-जाने वालों की चेकिंग कर रही थी। इसी बीच आरोपी जयेश पुलिस चेक पोस्ट की ओर आता हुआ दिखा। जैसे ही उसने पुलिस पार्टी को देखा, वह मुड़ा और मौके से भागने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया और उसकी चेकिंग के दौरान पुलिस ने दावा किया कि आरोपी के पास से 1.88 किलो चरस बरामद हुई है। पुलिस ने चरस जब्त कर ली और जयेश को एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत गिरफ्तार कर लिया।
ये भी पढ़ें- होलिका परिक्रमा लगाने की सही विधि

