Two laborers buried in soil; rescued by locals. : मोगा। कोटकपूरा बाईपास पर शनिवार को सीवरेज कनेक्शन की तलाश में खुदाई कर रहे दो मजदूर अचानक मिट्टी में दब गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत रेस्क्यू कर दोनों को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। बता दें कि सीवरेज कनेक्शन तलाशने के लिए खुदाई कर रहे दो मजदूर अचानक मिट्टी के नीचे दब गए।
मिट्टी का ढेर गिरने से दोनों मजदूर कुछ समय के लिए उसमें फंस गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक, दोनों मजदूर दुकान के सीवरेज कनेक्शन का पता लगाने के लिए जमीन की खुदाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ऊपर से मिट्टी खिसककर उनके ऊपर आ गिरी। मिट्टी में दबने के बाद दोनों मजदूरों ने मदद के लिए शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू कर दिया।
स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद मिट्टी हटाकर दोनों मजदूरों को बाहर निकाला। इसके बाद दोनों को उपचार के लिए पास स्थित निधि अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। मिट्टी में दबे एक मजदूर की पहचान निक्का निवासी चंद नवा के रूप में बताई जा रही है। हादसे में दोनों मजदूरों को चोटें लगने की सूचना है।हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। स्थानीय लोगों का कहना था कि गहरी खुदाई के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए। मिट्टी को खिसकने से रोकने के लिए उचित सपोर्ट नहीं होने के कारण ऐसे हादसों का खतरा बना रहता है। लोगों ने संबंधित विभाग और ठेकेदारों से खुदाई के दौरान सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग की।

