Site icon Dainik Savera Times

मोगा में पुलिस पार्टी पर फायरिंग करने वाले दो युवक गिरफ्तार, जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल

मोगा: जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मैहना पुलिस और मोटरसाइकिल सवार दो युवकों के बीच मुठभेड़ होने का मामला सामने आया है। पुलिस पार्टी को देखकर मोटरसाइकिल सवार युवकों ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर पिस्तौल से दो फायर कर दिए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों युवक गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को काबू कर उपचार के लिए सिविल अस्पताल मोगा में भर्ती करवाया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार,  थाना मैहना के एसएचओ इंस्पेक्टर परमिंदर सिंह अपनी पुलिस पार्टी के साथ गांव मैहना से लिंक रोड तखानवध होते हुए नत्थूवाला जदीद की तरफ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सामने से काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस पार्टी ने संदेह के आधार पर उन्हें रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल चालक ने अचानक बाइक पीछे मोड़ने की कोशिश की, लेकिन मोटरसाइकिल फिसलने से दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े।

इसके बाद दोनों युवकों ने अपनी-अपनी डब से पिस्तौल निकाल ली। मोटरसाइकिल चालक ने पेड़ों की आड़ लेकर पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से दो फायर किए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार एसएचओ ने अपनी और पुलिस कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए सरकारी 9 एमएम पिस्तौल से जवाबी फायर किया। पुलिस की गोली पेड़ में लगी, जिसके बाद दोनों युवक भागने लगे।

इसी दौरान पुलिस की ओर से किए गए अगले फायर में मोटरसाइकिल चालक युवक की दाईं टांग के घुटने के पास गोली लगी। वहीं पीछे बैठे दूसरे युवक की दाईं टांग के टखने के पास गोली लगी। दोनों युवक घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। पुलिस ने उन्हें काबू कर उपचार के लिए सिविल अस्पताल मोगा पहुंचाया।

पुलिस ने आरोपियों की पहचान गुरसेवक सिंह पुत्र अंगरेज सिंह निवासी दोसांझ, हाल आबाद दोसांझ रोड मोगा तथा आकाशदीप सिंह पुत्र अमरीक सिंह निवासी लोहगढ़ रोड धर्मकोट के रूप में की है।

मौके से एक .30 बोर देसी पिस्तौल, एक खाली मैगजीन, एक जिंदा कारतूस और एक .32 बोर देसी पिस्तौल सहित तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली गई है। थाना मैहना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं, आर्म्स एक्ट तथा अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version