मोगा: मोगा के गांव बुगीपुरा के पास से बहने वाले सेम नाले में बुधवार को सुबह करीब 9 बजे जीरा से लुधियाना जा रहे युवकों की कार पानी में बह गई। पानी का तेज बहाव होने के चलते कार में फंसे 2 युवकों में से एक युवक को कार से बाहर निकाल लिया गया, जबकि दूसरा युवक लापता हो गया। थाना मैहना के प्रभारी इंस्पैक्टर हरविंदर सिंह मंड ने बताया कि करण बाबा पुत्र भूषण बाबा निवासी जीरा ट्रक स्पेयर पार्ट का काम करते था। करण बाबा दुकान पर काम करने वाले लड़के बीरा सिंह के साथ अपनी स्कोडा गाड़ी पर सवार होकर लुधियाना को जा रहा था कि न जाने कैसे वह बुगीपुरा गांव की ओर चले गए। जब वह सेमनाल के ओवरफ्लो हुए पानी से गुजरने लगे तो उनकी कार एक गड्ढे में फंसने के साथ ही सेम नाले के तेज बहाव में बह गई। वह कार समेत सेमनाले में बह गए। इस दौरान बीरा सिंह को रेस्क्यू कर बाहर निकाल लिया गया, जबकि कारण बाबा लापता बताया जा रहा है। कारण बाबा 3 वर्षीय बेटी का पिता है। वहीं रेस्क्यू टीम उसे ढूंढने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।