जालंधर: बाबू जगजीवन राम चौक पर रविवार शाम आधा दर्जन युवकों ने दो युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने तेजधार हथियारों से तब तक वार किए, जब तक वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर नहीं गए। इसके बाद हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। मामला शनिवार को हुए झगड़े से जुड़ा है। हमलावर पक्ष के एक युवक का आरोप है कि उनके सैलून के बाहर कुछ लोग नशा बेचते हैं और इसका विरोध करने पर उनके साथ शनिवार को हमला किया गया। आज चौक पर बातचीत के दौरान दूसरे पक्ष ने हमला किया और आत्मरक्षा में झड़प हुई।
बताते हैं कि शनिवार को भी दोनों गुटों के बीच झगड़ा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद एक युवक को छुट्टी दे दी, जबकि दूसरे युवक के शरीर पर गहरे घाव होने के कारण उसे हायर सेंटर रेफर करने की सलाह दी गई है। हमलावर अभी गिरफ्तार नहीं किए गए हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर ली है। मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापे मारे जा रहे हैं।