Site icon Dainik Savera Times

मिशन क्लीन पंजाब’ के तहत बस स्टैंड व आसपास के इलाकों में निगम कमिश्नर ने किया औचक निरीक्षण

लुधियाना : ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के तहत नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार ने बुधवार सुबह बस स्टैंड सहित शहर के विभिन्न इलाकों का औचक निरीक्षण कर जमीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आसपास के रिहायशी इलाकों में भी पहुंचकर सफाई व्यवस्था की स्थिति देखी और स्थानीय निवासियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं व सुझाव सुने। कमिश्नर ने अधिकारियों को शहर के सार्वजनिक स्थानों पर नियमित रूप से सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शहर को साफ-सुथरा रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान शाम नगर, पीआरटीसी डिपो के बाहर, हम्बड़ां रोड, सिविल लाइंस सहित अन्य क्षेत्रों का भी जायजा लिया गया। नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार पिछले कुछ दिनों से शहर के अलग-अलग हिस्सों में लगातार औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था की समीक्षा कर रही है। उन्होंने फील्ड स्टाफ और हैल्थ ब्रांच के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की ढिलाई न बरती जाए।

इसके साथ ही जोनल कमिश्नरों समेत निगम के वरिष्ठ अधिकारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में रोजाना फील्ड निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। कमिश्नर ने शहरवासियों से भी ‘मिशन क्लीन पंजाब’ अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने बताया कि निगम द्वारा खुले में कचरा फेंकने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान किए जाएंगे।

Exit mobile version