Last Updated: October 14, 2026

Dainik Savera Times Logo

CM सैनी के नेतृत्व में हरियाणा ने बढ़ाया भाईचारे का हाथ: बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 650 ट्रकों के माध्यम से भिजवाई राहत सामग्री

September 11, 2025

CM सैनी के नेतृत्व में हरियाणा ने बढ़ाया भाईचारे का हाथ: बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 650 ट्रकों के माध्यम से भिजवाई राहत सामग्री

चंडीगढ़:  पंजाब में भारी बारिश और बाढ़ के कारण आई आपदा की इस कठिन घड़ी में हरियाणा सरकार ने भाईचारे का हाथ बढ़ाया और प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाकर मानवीय मिसाल भी पेश की। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा तुरंत प्रभाव से 5 करोड़ रुपये की राशि पंजाब सरकार को भेजी गई, वहीं अब तक लगभग 650 ट्रक राहत सामग्री भी पंजाब के प्रभावित क्षेत्रों के लिए रवाना किए जा चुके हैं।

“अव्वल अल्लाह नूर उपाया, कुदरत दे सब बन्दे, एक नूर ते सब जग उपजया, कौन भले कौन मन्दे।” श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की ये पावन वाणी मानवता के एक सार होने का संदेश देती है। ये हमें सिखाती है कि सृष्टि का प्रत्येक प्राणी एक ही परमज्योति से उत्पन्न हुआ है और इसलिए भेदभाव से परे हमें एक-दूसरे की सहायता के लिए तत्पर रहना चाहिए। गुरुओं के इसी संदेश को और सेवा भाव को अपनाते हुए नायब सर‌कार ने पंजाब में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए अभूतपूर्ण पहल की है।

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा था कि पंजाब के लोगों को यदि पीने के पानी की आवश्यकता होगी तो हरियाणा अपने भूमिगत जल से भी पंजाब के लोगों को पानी उपलब्ध करवाएगा। लेकिन आज, पानी की नहीं बल्कि बाढ़ से प्रभावित लोगों को सहायता की आवश्यकता है और हरियाणा सरकार हर संभव सहायता प्रदान कर रही है।

हरियाणा सरकार के प्रयास संकट की घड़ी में राजनीति से ऊपर उठकर मानवता को सर्वोपरि रखते हुए लोगों की मदद करने की नैतिक प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।

मंत्रीगण और जिला प्रशासन के प्रयासों के साथ – साथ सामाजिक संगठनों की भागीदारी से हरियाणा के विभिन्न जिलों से लगातार राहत सामग्री भेजी जा रही है। राहत सामग्री में आवश्यक वस्तुएं जैसे भोजन सामग्री, कपड़े, पानी की बोतलें, दवाइयाँ, तिरपाल, कम्बल और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री बड़े पैमाने पर भेजी गई है। इन्हें प्रभावित इलाकों में समय पर पहुँचाने का कार्य किया जा रहा है। हरियाणा से रवाना हो रहे राहत ट्रक सिर्फ़ सामग्री ही नहीं ले जा रहे हैं, वे यह संदेश भी दे रहे हैं कि पंजाब इस समय अकेला नहीं है।

मुख्यमंत्री के आह्वान पर, पूरे हरियाणा में लोग सहायता के लिए आगे आए हैं। ग्रामीण, युवा समूह और स्वयंसेवी व धार्मिक संगठन अथक योगदान दे रहे हैं। खाना, राशन, कपड़े और अन्य जरूरी सामान एकत्र कर रहे हैं, और पंजाब भेजने के लिए आपूर्ति की व्यवस्था कर रहे हैं। हरियाणा की जनता लगातार सहयोग की भावना से इस राहत अभियान में योगदान दे रही है। सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों ने प्रशासन के साथ मिलकर राहत सामग्री एकत्रित करने और भेजने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

हरियाणा और पंजाब एक-दूसरे के सुख-दुख के साथी, राहत और पुनर्वास कार्यों में हरियाणा करेगा पूर्ण सहयोग

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि हरियाणा और पंजाब न केवल पड़ोसी राज्य हैं, बल्कि एक-दूसरे के सुख-दुख के साथी भी हैं। पंजाब और हरियाणा का बड़े और छोटे भाई का रिश्ता रहा है और हरियाणा के लोग पंजाब के प्रत्येक नागरिक के साथ भाई की तरह खड़े हैं। इस आपदा की घड़ी में हर संभव मदद आगे भी जारी रखेंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि हरियाणा सरकार राहत और पुनर्वास कार्यों में पूर्ण सहयोग करेगी।

मुख्यमंत्री ने राहत कार्यों की सीधी निगरानी की है, जिससे गति और पारदर्शिता दोनों सुनिश्चित हुई है। संकट की घड़ी में सहयोग ही सबसे बड़ा धर्म है। हरियाणा सरकार पंजाब के भाइयों और बहनों को यह भरोसा दिलाती है कि वे अकेले नहीं हैं। पंजाब का पड़ोसी राज्य हरियाणा पूरी संवेदनशीलता और समर्पण के साथ उनके साथ खड़ा है।

आपदा से प्रभावित परिवारों की मदद करना हरियाणा सरकार की प्राथमिकता है और यह कार्य तब तक जारी रहेगा जब तक हालात सामान्य नहीं हो जाते। हरियाणा सरकार का यह कदम न केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी का प्रतीक है, बल्कि मानवीय संवेदना और पड़ोसी राज्य के साथ अटूट भाईचारे की भावना को भी दर्शाता है।

ये भी पढ़ें- CM योगी की मां पर विवादित टिप्पणी को लेकर मौलाना पर दर्ज हुई FIR, यूपी के कई जिलों में बढ़ा विरोध

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें