चंडीगढ़: केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू राजस्थान से राज्यसभा के सदस्य चुने गए हैं। विधानसभा के प्रमुख सचिव एवं निर्वाचन अधिकारी महावीर प्रसाद शर्मा ने मंगलवार को राजस्थान से राज्यसभा की एक सीट के उपचुनाव में भाजपा के प्रत्याशी रवनीत सिंह को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया। शर्मा ने निर्वाचित प्रत्याशी रवनीत सिंह के अधिकृत निर्वाचन अभिकत्र्ता एवं उनकी ओर से प्रमाण-पत्र लेने के लिए अधिकृत योगेन्द्र सिंह तंवर को प्रमाण-पत्र प्रदान किया। तय कार्यक्रम के अनुसार राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामांकन वापसी की अंतिम तारीख 27 अगस्त थी। इस चुनाव के लिए 3 उम्मीदवारों ने नामांकन किया था। इनमें से भाजपा के प्रतिस्थापन (डमी) उम्मीदवार सुनील कोठारी ने अपना नामांकन शुक्रवार को वापस ले लिया।
निर्दलीय प्रत्याशी बबीता वाधवानी का नामांकन पत्र वीरवार को जांच के दौरान रद्द हो गया। इसके बाद उपचुनाव में भाजपा के रवनीत सिंह ही एकमात्र प्रत्याशी बचे थे और उनका निर्विरोध चुना जाना तय था। विपक्षी दल कांग्रेस ने इस उपचुनाव में उम्मीदवार न उतारने का फैसला किया था। राजस्थान से कांग्रेस के केसी वेणुगोपाल के लोकसभा सदस्य चुने जाने के बाद इस्तीफा देने से खाली सीट पर उपचुनाव हुआ है। इस सीट पर सदस्यता का कार्यकाल 21 जून 2026 तक रहेगा। राजस्थान में कुल 10 राज्यसभा सीट हैं। बिट्टू के चुने जाने के बाद अब भाजपा एवं कांग्रेस के पास 5-5 सीट हैं।