लुधियाना: वेतन में 5 हजार रुपये की बढ़ोतरी की मांग को लेकर कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO) का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। पिछले करीब एक महीने से अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे CHO ने अब सिविल सर्जन कार्यालय में अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान CHO ने गिद्दा डालकर पंजाब सरकार और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ अपना विरोध जताया। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की और अपनी मांग जल्द पूरी करने की अपील की।
प्रोत्साहन राशि से संतुष्ट नहीं CHO
CHO का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से वेतन में स्थायी बढ़ोतरी करने के बजाय 5 हजार रुपये की इंसेंटिव राशि देने का प्रावधान किया गया है। उनके मुताबिक यह राशि कई शर्तों और निर्धारित लक्ष्यों से जुड़ी हुई है।
CHO का कहना है कि उनकी मांग वेतन में स्थायी बढ़ोतरी की है। उनका तर्क है कि लक्ष्य पूरा करने के आधार पर मिलने वाली प्रोत्साहन राशि उनकी मांग का समाधान नहीं है। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने सरकार से वेतन में स्थायी रूप से 5 हजार रुपये बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांग पर उचित फैसला नहीं लिया जाता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

