
मोगा: यूनाइटेड अकाली दल की जिला मोगा इकाई की एक अहम बैठक स्थानीय गुरुद्वारा बीबी काहन कौर जी में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जत्थेदार बूटा सिंह रणसींह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के जिला पदाधिकारियों, सदस्यों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान पंजाब के मौजूदा राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक हालात पर विचार-विमर्श किया गया।बैठक को संबोधित करते हुए जत्थेदार बूटा सिंह रणसींह ने कहा कि यूनाइटेड अकाली दल आगामी विधानसभा चुनाव में मोगा जिले की चारों विधानसभा सीटों पर अपने हमख्याल राजनीतिक दलों के साथ मिलकर उम्मीदवार मैदान में उतारेगा।
उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता लंबे समय से विभिन्न राजनीतिक दलों को सत्ता का अवसर देती रही है, लेकिन इसके बावजूद राज्य की समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो सका।उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने पंजाब के विकास की ओर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया।
पंजाब पर लगातार बढ़ते कर्ज का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य आर्थिक रूप से गंभीर स्थिति में पहुंच चुका है और पंजाब का आम नागरिक भी इसका बोझ झेल रहा है। उन्होंने कांग्रेस, भाजपा, शिरोमणि अकाली दल (बादल) और आम आदमी पार्टी पर पंजाब के हितों को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया।
जत्थेदार रणसींह ने कहा कि पंजाब के पढ़े-लिखे युवा बड़ी संख्या में विदेशों की ओर जा रहे हैं। उन्होंने पंजाब में नशे की समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि राज्य के सामने बेरोजगारी, नशा, पलायन और आर्थिक संकट जैसी गंभीर चुनौतियां हैं। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं का समाधान केवल ऐसी सरकार के गठन से संभव है, जो पंजाब के हितों को प्राथमिकता दे और राज्य के लोगों के प्रति जवाबदेह हो।
बैठक में भाई जगतार सिंह हवारा के संबंध में भी प्रस्ताव पारित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 2015 में चब्बा की धरती पर आयोजित सरबत खालसा के दौरान लाखों लोगों ने भाई जगतार सिंह हवारा को श्री अकाल तख्त साहिब का जत्थेदार नियुक्त किया था। उन्होंने कहा कि उनकी माता की तबीयत लंबे समय से खराब चल रही है।
बैठक में केंद्र तथा पंजाब सरकार से अपील की गई कि मानवीय आधार पर उन्हें एक महीने की पैरोल दी जाए तथा उनकी रिहाई के संबंध में उचित कदम उठाए जाएं।बैठक में नेपाल में आई बाढ़ के कारण हुई जनहानि पर भी गहरा दुख व्यक्त किया गया। यूनाइटेड अकाली दल के सदस्यों ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रभावित लोगों के प्रति हमदर्दी प्रकट की।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष जत्थेदार करोड़ सिंह तलवंडी भंगेरियां, भाई बलजीत सिंह कालियां वाला, भाई गुरलाल सिंह धर्मकोट, हरप्रीत सिंह धल्लेके, भाई जसबीर सिंह माहला कलां, सतवंत सिंह मोगा, भाई गुरप्रीत सिंह, जत्थेदार रविंदर सिंह कालेके, भाई जगसीर सिंह, ज्ञानी भूपिंदर सिंह मोगा, जत्थेदार मंगल सिंह मोगा, गुरचरण सिंह कालिये वाला, प्रगट सिंह कालिये वाला, हरजिंदर सिंह डाला, माखन सिंह तलवंडी भंगेरियां, जत्थेदार रणजीत सिंह तलवंडी भंगेरियां, प्रीतम सिंह फूलियाला, जत्थेदार बूटा सिंह घोलियां कलां सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।
📍 Location: मोगा
मेष: दिन शुभ रहेगा...