Site icon Dainik Savera Times

मोहाली निगम बैठक में भिड़े पार्षद, विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस का विरोध

Uproar at Mohali MC Meeting Over Alleged Discrimination : चंडीगढ़। नगर निगम मोहाली की मंगलवार को हुई निगम सदन की बैठक में भारी हंगामा देखने को मिला। बैठक शुरू होते ही विपक्षी पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार और सफाई व्यवस्था को लेकर मेयर सरबजीत सिंह समाना तथा अधिकारियों से सवाल उठाने शुरू कर दिए।

इस पर मेयर ने कहा कि फिलहाल सवाल-जवाब का समय नहीं है, बल्कि बैठक में एजेंडों पर चर्चा की जानी है। इसी बात को लेकर कांग्रेस पार्षदों ने विरोध शुरू कर दिया और सदन में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। कांग्रेस पार्षदों का आरोप था कि चुनाव जीतकर आए जनप्रतिनिधियों के वार्डों में उनकी मांग के मुताबिक विकास कार्य नहीं करवाए जा रहे हैं। इसके बजाय आम आदमी पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ चुके और हार गए उम्मीदवारों की अधिक सुनी जा रही है।

पार्षदों ने सवाल उठाया कि जब जनता ने उन्हें चुनकर सदन में भेजा है तो उनके वार्डों में विकास कार्यों को उनकी प्राथमिकताओं के अनुसार क्यों नहीं करवाया जा रहा। वार्ड नंबर 18 से कांग्रेस पार्षद नपिंदर सिंह रंगी ने कहा कि पार्षदों की मांग है कि उनके वार्डों में विकास कार्य निर्वाचित प्रतिनिधियों की राय और जरूरत के मुताबिक होने चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सवाल अधिकारियों से किया गया था, लेकिन न तो अधिकारियों ने कोई संतोषजनक जवाब दिया और न ही मेयर या मौजूदा विधायक की ओर से इस पर स्थिति स्पष्ट की गई।

कांग्रेस पार्षदों ने नगर निगम अधिकारियों के नाम विरोध दर्ज करवाते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी पार्षदों के वार्डों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। उनका कहना था कि सड़कें, सीवरेज, सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई काम लंबे समय से लंबित हैं।

Exit mobile version