लुधियाना : उधार दिए 10.50 लाख रुपए न मिलने से परेशान धार्मिक स्थल के सेवादार ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक का नाम राज कुमार है, वह धांदरा रोड, दुगरी का रहने वाला है। सूचना मिलने पर थाना जी.आर.पी की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में पहुंचाया। मृतक की जेब से पुलिस को 2 पेजों का सुसाइड नोट मिला है। इस सुसाइड नोट में उसने अपनी मौत के लिए शिमलापुरी के रहने वाले विपुल और उसके पिता को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
उधार दिए 10.50 लाख न मिलने से ट्रेन के आगे लेटकर की खुदकुशी
जानकारी के मुताबिक मृतक राज कुमार की पहले सुनियारे की दुकान थी। फिर इसके बाद वह सैक्टर 32 में बने धार्मिक स्थल पर सेवा करने लगा। कई वर्षो से वह सेवा कर रहा है। पता चला है कि उसने शिमलापुरी के रहने वाले आरोपी विपुल को 10.50 लाख रुपए उधार देकर उसकी मदद की थी। यह भी पता चला है कि उसने यह रुपए किसी से लेकर दिए थे। अब विपुल और उसके पिता रुपए वापस नहीं कर रहे थे। जब भी राज कुमार रुपए वापस मांगने जाता, आरोपी उसे धमकियां देने लगते। वह उसे पुलिस में किसी मामले में फंसाने की भी धमकी देते। राज कुमार, इसे लेकर अंदर ही अंदर घुटता रहा, लेकिन परिवार वालों से भी कोई बात सांझी नहीं की। मंगलवार को उसने फिरोजपुर रेल लाइन पर ट्रेन के आगे लेटकर खुदकुशी कर ली। ट्रेन से कटने के कारण राज कुमार का शरीर 2 हिस् सों में कट गया। रेलवे की सूचना मिलने पर थाना जी.आर.पी के ए.एस.आई. भजन सिंह व ए .एस.आई. सुनील कुमार मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। मृतक की जेब से मिले कागजातों के आधार पर ही उसकी पहचान संभव हो सकी। जिस पर उसके परिवार वालों को सूचना दी गई।
जेब से मिला 2 पेजों का सुसाइड नोट
पुलिस को उसकी जेब से 2 पेजों का सुसाइड नोट मिला है। सुसाइड नोट में राज कुमार ने लिखा है कि उसने उक्त आरोपियों को मदद के लिए 10.50 लाख रुपए दिए थे। जो उन लोगों ने जल्द लौटाने का वायदा किया था। लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी वह रुपए वापस नहीं कर रहे। जब भी वह रुपए मांगने जाता है, तो आरोपी उसे धमकियां देते हैं। उनकी इन्हीं धमकियों से परेशान होकर ही वह दुनिया छोड़ रहा है। मृतक राज कुमार अपने पीछे प}ी व एक बेटा और बेटी छोड़ गया है। राज कुमार के भाई का कहना है कि उसके भाई ने उनसे कोई बात सांझा नहीं की। उनका कहना है कि आरोपियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।

