पंजाब डेस्क. पंजाब के मशहूर बॉडीबिल्डर और एक्टर वरिंदर सिंह घुम्मन अब हमारे बीच नहीं रहे हैं। उनका बीते दिन वीरवार को निधन हो गया। बताया जा रहा है कि अमृतसर के फोर्टिस अस्पताल में एक ऑपरेशन के दौरान उन्हें दो बार दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। बॉडीबिल्डर की मौत की खबर मिलते ही पूरे पंजाब में शोक की लहर दौड़ गई और हर कोई उन्हें सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि रहा है।
वरिंदर सिंह घुम्मन का पार्थिव शरीर देर रात अमृतसर से जालंधर पहुँचा। उनका शव जालंधर स्थित घर में पहुंचते ही चीख पुकार मच गई। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था और वहां मौजूद लोग भी अपने आंसुओं को रोक नहीं पाए। आज दोपहर करीब 3 बजे जालंधर के मॉडल टाउन स्थित श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, वरिंदर घुम्मन जालंधर के मॉडल हाउस स्थित अपने जिम में वर्कआउट कर रहे थे, जब उनके कंधे में नस दबने के कारण तकलीफ हुई। इसके बाद उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें अमृतसर रेफर कर दिया। वहीं सर्जरी के दौरान उन्होंने अपनी आखिरी सांस ली।
परिजनों ने अस्पताल पर लगाए गंभीर आरोप
वरिंदर घुम्मन की मौत के बाद परिजनों और दोस्तों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों की लापरवाही और बेहोशी की दवाई की गलत डोज के कारण वरिंदर की मौत हुई। उनके करीबी अनिल गिल ने मांग की है कि पूरे मामले की जांच की जाए और यह पता लगाया जाए कि वरिंदर का शरीर अचानक नीला क्यों पड़ गया। घटना के बाद अमृतसर के फोर्टिस अस्पताल में भारी हंगामा देखने को मिला। पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

