Site icon Dainik Savera Times

रिश्वत लेते कोऑपरेटिव सोसाइटी के इंस्पेक्टर को विजिलेंस ने किया गिरफ्तार, 50 हजार रुपये बरामद

पटियाला : भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोऑपरेटिव सोसाइटी तपा, जिला बरनाला में तैनात एक इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हर्ष बंसल के रूप में हुई है। विजिलेंस टीम ने उसे 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते मौके पर ही पकड़ लिया।

विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई कोऑपरेटिव सोसाइटी तपा के सेवानिवृत्त सचिव जंग सिंह की शिकायत पर की गई। शिकायतकर्ता के खिलाफ विभागीय जांच चल रही थी, जिसमें आरोपी इंस्पेक्टर ने कथित तौर पर राहत दिलाने और रिटायरमेंट से जुड़े बकाया भुगतान को मंजूरी दिलाने के बदले रिश्वत की मांग की थी।

बताया गया कि इंस्पेक्टर ने पहले एक लाख रुपये की मांग रखी थी, लेकिन बाद में बातचीत के बाद यह रकम घटाकर 50 हजार रुपये तय की गई। शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए मामले की जानकारी पटियाला विजिलेंस रेंज को दी।

शिकायत की पुष्टि के बाद विजिलेंस टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई की। टीम ने सरकारी गवाहों की मौजूदगी में जाल बिछाया, जिसमें आरोपी इंस्पेक्टर को शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के कब्जे से रिश्वत के रूप में दिए गए नोट भी बरामद किए गए हैं।

मामले में आरोपी के खिलाफ पटियाला स्थित विजिलेंस ब्यूरो थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version