Site icon Dainik Savera Times

10 हजार रुपये की रिश्वत लेते क्लर्क गिरफ्तार, विजिलेंस ब्यूरो ने की कार्रवाई

Vigilance Bureau

Vigilance Bureau

जालंधर : पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत विजिलेंस ब्यूरो ने होशियारपुर जिले के हाजीपुर ब्लॉक स्थित शिक्षा कार्यालय में तैनात एक क्लर्क को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गगन के रूप में हुई है, जिसे 10,000 रुपये की रिश्वत राशि के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया।

विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई मालेरकोटला जिले के गांव सुल्तानपुर निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर की गई। शिकायतकर्ता की पत्नी हाजीपुर ब्लॉक के गांव सहोरा स्थित सरकारी प्राथमिक विद्यालय में ईटीटी अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। वह अपनी पत्नी की चाइल्ड केयर लीव मंजूर करवाने के लिए बीपीईओ कार्यालय पहुंचा था।

आरोप है कि कार्यालय में आरोपी क्लर्क से मुलाकात के बाद उसने फोन के जरिए शिकायतकर्ता से संपर्क किया और छुट्टी स्वीकृत करवाने के बदले 10 हजार रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने की बातचीत को रिकॉर्ड कर लिया और इसकी जानकारी विजिलेंस ब्यूरो की जालंधर रेंज को दी।

शिकायत की पुष्टि के बाद विजिलेंस टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई की। टीम ने सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी को रिश्वत की रकम लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के पास से रिश्वत के रूप में ली गई राशि भी बरामद कर ली गई है।

मामले में आरोपी क्लर्क के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो थाना जालंधर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। फिलहाल मामले की जांच आगे जारी है।

Exit mobile version