Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

विजिलेंस ब्यूरो ने पीएसपीसीएल कर्मचारी को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते किया गिरफ्तार

January 2, 2025

विजिलेंस ब्यूरो ने पीएसपीसीएल कर्मचारी को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते किया गिरफ्तार

चंडीगढ़: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो (वीबी) ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी अभियान के दौरान, पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) उमरपुरा सब डिवीजन, बटाला, गुरदासपुर जिले में तैनात लाइनमैन जगदीश सिंह को 10000 रुपये की रिश्वत मांगने और स्वीकार करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

आज यहां यह जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि उपरोक्त आरोपी को तहसील बटाला के गांव फूलके निवासी गुरविंदर सिंह द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत पर गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने आगे बताया कि शिकायतकर्ता ने वीबी से संपर्क किया और बताया कि आरोपी लाइनमैन ने पैसे ऐंठने के इरादे से गांव फूलका में स्थित उसकी जमीन पर जानबूझकर बिजली की लाइनें लगाई हैं।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उक्त लाइनमैन ने इन बिजली लाइनों को स्थानांतरित करने के लिए 10,000 रुपये की अतिरिक्त रिश्वत की मांग की है, जबकि कुछ दिन पहले ही 1,500 रुपये मिल चुके हैं।

प्रवक्ता ने बताया कि इस शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद विजीलैंस ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाया, जिसके दौरान आरोपी को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 10,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू कर लिया गया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में विजीलैंस ब्यूरो के थाना रेंज अमृतसर में भ्रष्टाचार रोकथाम अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को कल सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा और इस मामले में आगे की जांच जारी है।

ये भी देखें : ‘4 मई TMC के जंगल राज की आखिरी तारीख’, पीएम मोदी का बंगाल में बड़ा हमला

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें