जगराओं: जगराओं के नजदीकी गांव गुड्डे की रहने वाली 24 वर्षीय रमनदीप कौर मान की आज शुक्रवार को कनाडा में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। रमनदीप करीब चार वर्ष पहले परिवार के बेहतर भविष्य और उच्च शिक्षा के लिए कनाडा गई थी। वह पहले मैनिटोबा में रहकर पढ़ाई कर रही थी लेकिन करीब छह महीने पहले ही मैनिटोबा से एडमिंटन शिफ्ट हो गई थी। यहां उसकी नौकरी कनाडा पुलिस में लग गई थी।
जानकारी के अनुसार रमनदीप कौर शुक्रवार को अपनी ड्यूटी के दौरान एक आरोपी को जेल छोड़ने के लिए जा रही थी।
इसी दौरान उसकी कार हादसे का शिकार हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि रमनदीप को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। रमनदीप कौर मान के कनाडा जाने से परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं। चार वर्ष पहले उच्च शिक्षा हासिल करने के उद्देश्य से कनाडा गई रमनदीप ने मेहनत के बल पर अपनी पढ़ाई पूरी करने के साथ वहां कनाडा पुलिस में नौकरी हासिल की थी।
करीब छह महीने पहले ही उसने मैनिटोबा से एडमिटंन में स्थानांतरित होकर नई नौकरी शुरू की थी। रमनदीप कौर की मौत की खबर सामने आने के बाद एडमिटंन पुलिस की ओर से भी शोक व्यक्त किया गया है। पुलिस विभाग ने रमनदीप की मौत पर दुख जताते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

