
War Against Drugs: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा- निर्देशों पर शुरू किए गए नशा विरोधी मुहिम युद्ध नशेयां विरुद्ध के 89 दिन पूरे हो गए हैं और पंजाब पुलिस ने 1 मार्च, 2025 से अब तक 8352 एफआईआर दर्ज करके 14,183 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। युद्ध नशेयां विरुद्ध मुहिम की शुरुआत के बाद, डीजीपी गौरव यादव के निर्देशों के तहत विभिन्न कार्रवाइयां कर रही है, जिसमें राज्य भर में घेराबंदी और तलाशी अभियान, नाइट डोमिनेशन ऑपरेशन और ड्रग हॉटस्पॉट पर छापेमारी शामिल है।
विशेष डीजीपी कानून और व्यवस्था अर्पित शुक्ला, जो इन कार्रवाइयों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहे हैं, ने बताया कि पंजाब पुलिस ने नशा तस्करों के कब्जे से अब तक 586 किलोग्राम हैरोइन, 246 किलोग्राम अफीम, 135 क्विंटल भुक्की, 8.9 किलोग्राम चरस, 193 किलोग्राम गांजा, 2.5 किलोग्राम आईसीई, 1.6 किलोग्राम कोकीन, 25.70 लाख नशीली गोलियां/ कैप्सूल और 10.75 करोड़ रुपए की ड्रग मनी जब्त की है।
89वें दिन के परिणामों का विवरण साझा करते हुए स्पैशल डीजीपी ने बताया कि पंजाब पुलिस ने 141 नशा तस्करों को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से 3.1 किलो हैरोइन, 10 किलो भुक्की, 51790 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 38700 रुपए की ड्रग मनी बरामद की है। स्पैशल डीजीपी कानून और व्यवस्था अर्पित शुक्ला ने बताया कि 96 राजपत्रित अधिकारियों की निगरानी में 1700 से अधिक पुलिसकर्मियों की भागीदारी वाली 250 से अधिक पुलिस टीमों ने राज्य भर में 533 स्थानों पर छापेमारी की, जिसके चलते राज्य भर में 97 एफआईआर दर्ज की गई। उन्होंने आगे कहा कि दिन भर चले इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीमों ने 576 संदिग्ध व्यक्तियों की जांच भी की।