बिजली कट से पानी संकट, दूसरी ओर धड़ल्ले से हो रही बर्बादी

Water crisis due to power cut : मोगा। शहर में लगातार लग रहे लंबे बिजली कटों के कारण पेयजल सप्लाई भी प्रभावित हो रही है। पानी की निर्धारित सप्लाई के समय बिजली गुल रहने से मोटरें बंद हो जाती हैं और कई घरों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाता। वहीं कुछ मोहल्लों में टुल्लू पंप से पीने के पानी की बर्बादी को लेकर भी लोगों में रोष है।
शहरवासियों ने नगर निगम से पानी की बर्बादी पर रोक लगाने के साथ-साथ बिजली और पानी की सप्लाई के समय में बेहतर तालमेल बनाने की मांग की है। शहरवासियों का कहना है कि पानी की सप्लाई का समय सीमित होता है। ऐसे में यदि उसी दौरान बिजली का कट लग जाए तो पानी की मोटरें बंद हो जाती हैं और घरों में पानी नहीं भर पाता। कई बार बिजली सप्लाई बहाल होने तक पानी आने का समय ही समाप्त हो जाता है। इसके चलते लोगों को अगले सप्लाई समय तक इंतजार करना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी उन परिवारों को उठानी पड़ रही है, जिनके घरों में पानी स्टोर करने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।
दूसरी ओर शहर के कई मोहल्लों में पीने के पानी की बर्बादी का मामला भी सामने आ रहा है। कुछ लोग टुल्लू पंप चलाकर पीने के पानी से गलियों और सड़कों की धुलाई करते दिखाई देते हैं। एक तरफ जहां कई परिवार पानी की एक-एक बूंद के लिए परेशान हैं, वहीं दूसरी तरफ इस तरह पानी की बर्बादी लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। शहरवासियों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि पानी की बर्बादी करने वालों पर नियमित निगरानी नहीं रखी जा रही। न ही ऐसे लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई या चालान किए जा रहे हैं।
उन्होंने मांग की कि नगर निगम की टीमें विभिन्न मोहल्लों में निरीक्षण करें और पीने के पानी का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाए। लोगों ने बिजली और पानी की सप्लाई के समय में बेहतर तालमेल बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि बिजली कटों के कारण पानी की सप्लाई प्रभावित न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को मिलकर ठोस व्यवस्था करनी चाहिए। साथ ही पानी की बर्बादी रोकने के लिए भी सख्त कदम उठाए जाने जरूरी हैं। इस मौके रजनी बाला, रानी, सुनीता रानी, सुमन रानी, निर्मला रानी, हरजिंदर कौर, जीतो, सतपाल और रवि मौजूद हैं।
