Site icon Dainik Savera Times

राजपुरा में पानी का संकट: दूषित सप्लाई से हाहाकार, प्रशासन की बेरुखी पर फूटा जन आक्रोश

राजपुरा: राजपुरा शहर में दूषित पानी की सप्लाई ने लोगों की शांति भंग कर दी है। विश्वकर्मा नगर, देव नगर और गर्ग कालोनी समेत कई इलाकों के निवासियों के घरों में बदबूदार और दूषित पानी आ रहा है, जिसे पीना तो दूर, छूना भी मुश्किल है। इस जहरीले पानी के कारण लोग बीमार पड़ रहे हैं और भीषण गर्मी में स्वच्छ पानी की एक-एक बूंद के लिए मोहताज हो गए हैं। प्रशासन की कथित बेरुखी से गुस्साए लोगों का धैर्य टूट गया और वे सड़कों पर उतरकर जमकर नारेबाजी करने लगे। लोगों का कहना है कि शहर के काफी लोग उल्टियां व दस्त से परेशान हैं, और कई लोगों का पेट खराब हैं।

विश्वकर्मा नगर और देव नगर में आक्रोशित महिलाओं और पुरुषों ने हाथों में खाली बर्तन और दूषित पानी की बोतलें लिए प्रदर्शन करते कहा कि दूषित पानी बंद करो, हमें स्वच्छ पानी दो, प्रशासन मुदार्बाद, एक महिला ने रोते हुए बताया कि इस दूषित पानी के कारण उसके बच्चे लगातार उल्टी और दस्त से परेशान हैं। लोगों का कहना है कि पानी पीने लायक नहीं है। गर्ग कालोनी में हालात और भी बदतर हैं, जहां कई दिनों से पानी की सप्लाई ठप पड़ी थी। आखिरकार नगर कौंसिल ने पानी का टैंकर भेजा तो लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। बर्तन लिए महिलाएं और पुरुष पानी भरने के लिए धक्का-मुक्की करते दिखे।

सुहागवंती नामक एक महिला ने बताया कि कई दिनों बाद पानी मिलने से थोड़ी राहत मिली है, लेकिन यह कब तक चलेगा, यह कहना मुश्किल है। बॉबी नामक एक अन्य निवासी ने बताया कि पहले कई दिनों तक गंदा पानी आता रहा, जिसे पिया नहीं जा सकता था। सतदेव शर्मा ने पत्रकारों को धन्यवाद दिया जिन्होंने उनकी आवाज उठाई, जिसके बाद नगर काउंसिल ने पानी भिजवाया। इस गंभीर जल संकट का मुख्य कारण नरवाना ब्रांच नहर में पानी की कमी बताई जा रही है, जिससे पूरे शहर में हाहाकार मचा हुआ है।

लोगों को डर है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो दूषित पानी और भीषण गर्मी मिलकर महामारी का रूप ले सकते हैं। राजपुरा में पानी की समस्या विकराल रूप लेती जा रही है। नरवाना ब्रांच नहर सूख रही है और लोगों के घरों में मौत का पानी पहुंच रहा है। इस संबंधी जब सैनेट्री इंस्पैक्टर से बात की तो उन्होंने कहा कि जहां जहां हमे सूचना मिल रही है वहां हम पानी के टैंकर भिजवा रहे हैं। जल्द ही स्थायी हल निकाल लिया जाएगा और जिस क्षेत्र में ये दिक्कत आ रही है वहां जल्द समस्या ठीक होगी तब तक हम पूरा पानी टैंकरों के जरिए मुहैया करवा रहे हैं।

ये भी पढ़ें- ग्लोबल दबाव के बीच भी मजबूत रहा बाजार, आगे सुधार की संभावना

Exit mobile version