माछीवाड़ा: भूजल स्तर को बचाने और शहर के लोगों को बेहतर पानी उपलब्ध कराने के लिए माछीवाड़ा में नई जल परियोजना शुरू की जा रही है। केंद्र सरकार के सहयोग से करीब 29 करोड़ रुपये की लागत से बालीबेग बस्ती में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाएगा।
नगर परिषद ने इस प्रोजेक्ट के लिए करीब साढ़े छह एकड़ जमीन उपलब्ध करवाई है। नगर परिषद अध्यक्ष मोहित कुंद्रा ने बताया कि सरहिंद नहर से पाइपलाइन के जरिए पानी को ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचाया जाएगा। यहां पानी को साफ करने के बाद माछीवाड़ा शहर के विभिन्न इलाकों में सप्लाई किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शहर में पानी की पाइपलाइन बिछाने का करीब 2 करोड़ रुपये का काम पूरा हो चुका है। पूरी परियोजना को लगभग 18 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
अध्यक्ष के अनुसार, सरहिंद नहर में आने वाले पानी में TDS की मात्रा कम है। ट्रीटमेंट प्लांट में इसे साफ करने के बाद लोगों को उपलब्ध कराया जाएगा। इससे भूजल पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।
परियोजना पूरी होने के बाद माछीवाड़ा के लोगों को नियमित और बेहतर पानी की सुविधा मिलने की उम्मीद है। साथ ही भूजल संरक्षण की दिशा में भी यह योजना महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

