Punjab Weather Update: पंजाब में मौसम एक बार फिर बदलने जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य में आज,18 जून से 23 जून तक बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई है। इस दौरान कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। चंडीगढ़ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने आगामी पांच दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
हालांकि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन मौसम में बदलाव के चलते लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। बुधवार को बठिंडा राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
आज इन जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को पंजाब के 15 जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। इनमें शहीद भगत सिंह नगर (नवांशहर), फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली शामिल हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश पूरे प्रदेश में एक साथ नहीं होगी, बल्कि कुछ चुनिंदा क्षेत्रों में ही बारिश और आंधी का प्रभाव देखने को मिलेगा। वर्षा की संभावना 25 से 50 प्रतिशत के बीच बनी हुई है। फिलहाल यह गतिविधियां मानसून पूर्व (प्री-मानसून) मानी जाएंगी क्योंकि राज्य में मानसून के पहुंचने में अभी समय है।
क्यों बदल रहा है मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब से लेकर बिहार तक हरियाणा और उत्तर प्रदेश के रास्ते एक ट्रफ लाइन सक्रिय है, जिससे बारिश की गतिविधियों को बल मिल रहा है। वहीं उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ भी मौसम को प्रभावित कर रहा है।
इसके अलावा दक्षिणी पंजाब के कई जिलों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) विकसित हुआ है, जिससे मौसम में अस्थिरता बढ़ी है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है।
19 जून का मौसम
19 जून को पंजाब के लगभग सभी जिलों में बारिश होने की संभावना है। पथानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा और मानसा में तेज आंधी, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
20 जून का पूर्वानुमान
20 जून को पथानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में बारिश के आसार हैं। वहीं पथानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर और फिरोजपुर में तूफानी हवाओं की चेतावनी जारी की गई है।
ये भी पढ़ें…
21 जून को भी जारी रहेगा असर
21 जून को भी राज्य के कई हिस्सों में मौसम खराब बना रह सकता है। पथानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में बारिश की संभावना है। इसके अलावा 11 जिलों में तेज आंधी और गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों में जाने से बचने और बिजली कड़कने के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

