Punjab Weather Today : पंजाब में आने वाले दिनों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 14 मार्च से प्रदेश के कई इलाकों में आंधी-तूफान के साथ तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश होने की संभावना है। अगले तीन दिनों तक मौसम का यह बदला हुआ मिजाज बना रह सकता है।
तेज हवाएं और बादल छाए रहने की संभावना
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 14 से 16 मार्च के बीच कई जिलों में तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार लगभग 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है। फिलहाल पंजाब और चंडीगढ़ में आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं और वातावरण में नमी बढ़ रही है।
तापमान अभी भी सामान्य से ज्यादा
पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में करीब 0.4 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन इसके बावजूद तापमान सामान्य से लगभग 6 डिग्री ज्यादा बना हुआ है। प्रदेश में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया, जो इस समय के लिहाज से काफी अधिक माना जा रहा है।
मौसम में बदलाव की वजह
मौसम विभाग के अनुसार अरब सागर से आने वाली नमी भरी हवाएं और पूर्वी भारत की ओर बने ट्रफ के कारण मौसम में बदलाव की स्थिति बन रही है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने की संभावना है, जो आने वाले दिनों में मौसम को प्रभावित कर सकता है।
पिछले कुछ दिनों से चल रही पश्चिमी हवाओं के कारण धूलभरा वातावरण बना हुआ था। अब हवा की गति कम होने से धूल वातावरण में जम गई है। जैसे-जैसे नया सिस्टम आगे बढ़ेगा, मौसम साफ होने के साथ हल्की बारिश भी देखने को मिल सकती है।
कई शहरों में 30 डिग्री से ज्यादा तापमान
पंजाब के कई शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। फाजिल्का (अबोहर) में सबसे ज्यादा तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा पटियाला, लुधियाना और चंडीगढ़ में भी तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। अमृतसर, मोहाली, फिरोजपुर, होशियारपुर और रोपड़ समेत कई शहरों में भी गर्मी का असर महसूस किया गया।
ये भी पढ़ें:
अगले चार दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों तक ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि 14, 15 और 16 मार्च को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान में लगभग 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बदलाव से गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...