लुधियाना: नशे के लिए रुपए देने से मना करने पर व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर ही गोली चला दी। महिला बाल-बाल बची और उसने पड़ोसियो के घर में छिपकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर थाना जमालपुर की पुलिस मौके पर पहुंची और मौका-ए-वारदात से गोली का खोल बरामद किया। बताया जा रहा है कि आरोपी के पास अवैध पिस्तौल था, उसी से उसने गोली चलाई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उससे पुलिस हिरासत में पूछताछ जारी है।
यह वारदात जमालपुर के इलाके बाला जी एस्टेट में हुई। आरोपी लवप्रीत सिंह, ईवी मैकेनिक है। बताया जा रहा है कि वह नशे का भी आदी है। मंगलवार को घर में वह और उसकी पत्नी मौजूद थे, तभी उसने पत्नी से नशे के लिए रुपए मांगे लेकिन पत्नी ने मना कर दिया। इस पर लवप्रीत ने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब वह वहां से भागी तो आरोपी ने पीछे से उस पर गोली चला दी। खैरियत यह रही कि गोली उसे नहीं लगी। लवप्रीत की पत्नी पड़ोसियों के घर में घुस गई और जान बचाई। जब गोली चली, तब वहां पर आसपास कुछ लोग भी मौजूद थे। लोगों ने ही इस बारे में पुलिस को सूचना दी।
प्रत्यक्षदर्शी महिला का कहना है कि घटना के समय वह अपने घर के बाहर मौजूद थी, तभी चिल्लाती हुई लवप्रीत की पत्नी बाहर आई, लवप्रीत भी उसके पीछे आया, उसके हाथ में कट्टा था। उसने कट्टे से अपनी पत्नी पर गोली चला दी। वह बाल-बाल बची और पड़ोसियों के घर में घुस गई। इसके बाद थाना जमालपुर की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को काबू किया। पुलिस को मौका-ए-वारदात से गोली का खोल भी बरामद हुआ। आरोपी यह अवैध पिस्तौल कहां से लेकर आया था। इस बारे में भी पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। इस बारे में थाना जमालपुर की इंचार्ज बलविंदर कौर का कहना है कि मामले को वेरीफाई किया जा रहा है।

