लुधियाना: सिविल अस्पताल की ओपीडी में एयर कंडीशन ठीक न होने पर दो डॉक्टरों ने मंगलवार को अलग तरीके से विरोध जताया। उन्होंने ओपीडी ब्लॉक के बरामदे में ही टेबल लगाकर मरीजों को चैक करना शुरू कर दिया। विरोध का यह तरीका रंग लाया और आनन-फानन में एसी ठीक करवाकर डॉक्टरों को उनके रूम में भेज दिया गया।
मंगलवार सुबह सजर्न डॉ. अंकुर उप्पल व डॉ. सतिंदर ने ओपीडी ब्लॉक के बरामदे में ही टेबल लगा लिया।
उन्होंने मरीजों को वहीं पर चैक करना शुरू कर दिया। हालांकि खुले में सभी लोगों के बीच चैकअप करवाने में खासकर महिलाओं को काफी परेशानी हो रही थी। मरीजों का चैकअप कर रहे डॉ. अंकुर उप्पल से वजह पूछने पर उन्होंने कहा कि ओपीडी से बात की गई तो उन्होंने कहा कि सजर्री ओपीडी का एयर कंडीशन खराब था। बार-बाहर कहने पर भी एसी ठीक नहीं हुआ।
इससे उन्हें ही नहीं बल्कि मरीजों को भी परेशानी हो रही थी। ओपीडी में अन्य सुविधाओं की भी कमी थी, लेकिन वह मरीजों का चेकअप तो बंद नहीं कर सकते थे, इसलिए उनके पास खुले में ओपीडी लगाने के अलावा कोई रास्ता नहीं था। हालांकि डॉक्टर द्वारा खुले में ओपीडी लगवाए जाने की बात पता चलते ही अस्पताल प्रबंधन ने आनन-फानन में एसी ठीक करवा दिया, जिसके बाद दोनों डॉक्टर दोबारा अपने ओपीडी रूम में चले गए।

