
राजपुरा : थाना घनौर पुलिस ने एक सनसनीखेज अंधे कत्ल की गुत्थी को महज कुछ ही दिनों में सुलझाने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अवैध संबंधों के चलते अपने ही पति की हत्या करने वाली पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने साक्ष्य छुपाने के लिए हत्या को छत से गिरने का हादसा दिखाने की असफल कोशिश की थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार 20 जुलाई को राजिंदरा अस्पताल, पटियाला से सूचना मिली थी कि हरीमाजरा निवासी सुखविंदर सिंह को गंभीर सिर की चोट के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसे बाद में इलाज के लिए जी.एम.सी.एच. सेक्टर-32, चंडीगढ़ रैफर किया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
शुरुआती तौर पर परिजनों ने इसे छत से गिरने का हादसा बताया था। हालांकि, मामले की संवेदनशीलता को भांपते हुए पुलिस ने गहनता से छानबीन शुरू की। मृतक के भाई/रिश्तेदार मोती राम के बयानों के आधार पर पुलिस ने जब गहराई से तफ्तीश की, तो परत-दर-परत खौफनाक सच्चाई सामने आ गई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतक सुखविंदर सिंह की पत्नी हरजीत कौर के संबंध गांव के ही सुंदर सिंह के साथ थे। सुंदर सिंह का मृतक के घर आना-जाना था, जिसका सुखविंदर सिंह कड़ा विरोध करता था।
इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद और तकरार रहती थी। आपसी रंजिश और रास्ते के इस कांटे को हमेशा के लिए हटाने के लिए हरजीत कौर और उसके प्रेमी सुंदर सिंह ने मिलकर खौफनाक साजिश रची। 19 और 20 जुलाई की दरमियानी रात को जब सुखविंदर सिंह सो रहा था तो दोनों ने मिलकर उसके सिर पर हथौड़े से ताबड़तोड़ वार कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। इस वारदात को दुर्घटना का रूप देने के लिए इसे छत से गिरकर चोट लगने की कहानी बनाई गई थी। एस.एस.पी. पटियाला वरुण शर्मा आई.पी.एस., एस.पी. स्वर्णजीत कौर, और डी.एस पी. घनौर दलजीत सिंह विर्क के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई अंजाम दी गई।
थाना घनौर के मुख्य अफसर एस.आई. गुरमुख सिंह और ए.एस.आई. गुरविंदर सिंह के नेतृत्व वाली पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को 23 जुलाई को दबोच लिया। मृतक की पहचान सुखविंदर सिंह (उम्र करीब 45 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय करनैल सिंह के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 23 जुलाई को दोनों आरोपियों मृतक की पत्नी हरजीत कौर और उसके प्रेमी सुंदर सिंह पुत्र बिट्टू राम, निवासी हरीमाजरा को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल कर लिया है, ताकि हत्याकांड में इस्तेमाल किए गए हथियार हथौड़े और अन्य साक्ष्यों को बरामद किया जा सके।