Site icon Dainik Savera Times

दूसरी लड़की से अवैध संबंधों के चलते पत्नी की गला दबाकर हत्या

अमृतसर: दूसरी लड़की के चक्कर में अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस द्वारा केस दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। अशोक दास निवासी जिला लखीसराय बिहार ने पुलिस को बताया कि वह इस समय पेट्रोल पंप के नजदीक नवीं आबादी रतन सिंह चौक में रहता है। वह पत्थर लगाने का काम करता है। उसकी दो सालियां हैं। जिनमें से छोटी साली मनीषा पुत्नी गणोश दास निवासी गांव लखीसराय बिहार की उम्र 28 साल है। उसकी शादी 2 साल पहले राजेश निवासी गांव आनंदपुर जिला नवादा बिहार के साथ हुई थी।

इस समय राजेश फतेहगढ़ चूड़ियां रोड पर गांव नंगली भट्ठा डेयरी वाली गली में रहता है। राजेश 14 साल से अमृतसर में रह रहा है। मनीषा ने एक बेटे को भी जन्म दिया है जिसकी उम्र 1 साल है। उसकी साली मनीषा के पति राजेश कुमार की दूसरी शादी है। राजेश भी टाइल और पत्थर लगाने का ही काम करता है। राजेश की पहले भी शादी हुई थी। मगर दोनों में तलाक हो गया था। अब उन्हें पता चला था कि राजेश के अवैध संबंध किसी लड़की के साथ हैं। इसलिए उनकी साली और राजेश के बीच अक्सर झगड़ा होने लगा। 5 जून को दोनों में काफी झगड़ा हुआ।

6 जून को जब उन्हें झगड़े का पता चला तो वह समझाने के लिए गए। रात को 8 बजे का समय था। काफी समय राजेश को समझाने के बाद घर वापस लौट आए। अगले दिन उन्हें इलाके में किसी व्यक्ति ने बताया के राजेश ने उनकी साली की गला दबाकर हत्या कर दी है। खुद मौके से फरार हो गया है। जब वह वहां पर पहुंचे तो देखा उनकी साली मनीषा की लाश रसोई घर के बाहर पड़ी हुई थी। पुलिस को सूचित किया गया। थाना सदर की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा लाश को कब्जे में लेकर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी फरार है। गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।

Exit mobile version