Site icon Dainik Savera Times

पंजाब में सर्दी ने दी दस्तक, तापमान में गिरावट के साथ बढ़ीं पराली जलाने की घटनाएँ

चंडीगढ़: पंजाब में पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने के बाद अब मौसम में ठंडक बढ़ने लगी है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले तीन दिनों में राज्य का तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है। फिलहाल बारिश थम गई है और आसमान साफ़ है, जिससे रात के तापमान में तेज़ गिरावट देखने को मिल रही है।

हाल ही में हुई बरसात से वायु गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया गया है, लेकिन खेतों में पराली जलाने की घटनाएँ फिर से तेज़ी पकड़ रही हैं। कंसॉर्टियम फॉर रिसर्च ऑन एग्रो-इकोसिस्टम मॉनिटरिंग एंड मॉडलिंग फ्रॉम स्पेस (CREAMS) के आंकड़ों के अनुसार, नवंबर के पहले पाँच दिनों में राज्यभर में करीब 1,291 पराली जलाने के मामले दर्ज किए गए हैं। यह संख्या 15 सितंबर से 31 अक्टूबर के बीच दर्ज किए गए 1,642 मामलों के बाद अचानक बढ़ोतरी को दर्शाती है।

हालाँकि, 5 नवंबर को केवल 94 घटनाएँ दर्ज की गईं, जिसे विशेषज्ञ गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व से जोड़कर देख रहे हैं, क्योंकि इस दिन किसान पराली जलाने से परहेज़ करते हैं।

संगरूर फिर बना पराली जलाने में अग्रणी जिला

पिछले पाँच दिनों के आंकड़ों पर नज़र डालें तो मुख्यमंत्री भगवंत मान का गृह ज़िला संगरूर सबसे आगे है, जहाँ 245 घटनाएँ दर्ज की गईं। इसके बाद तरनतारन में 135, फिरोज़पुर में 130, बठिंडा में 109, जबकि मानसा और मोगा में 87-87 मामले रिपोर्ट किए गए। इसके अलावा, मुक्तसर में 73, पटियाला में 71, लुधियाना में 58 और अमृतसर में 57 घटनाएँ दर्ज की गईं।

ये भी पढ़ें: Bihar Election Phase 1 Voting: पीएम मोदी ने लोगों से की अपील, ‘पहले मतदान, फिर जलपान’

24 घंटे में 1.6°C की गिरावट

पिछले 24 घंटों में राज्य के तापमान में औसतन 1.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मानसा सबसे गर्म रहा जहाँ अधिकतम तापमान 31.5°C, जबकि अमृतसर में 26.4°C, लुधियाना में 31.2°C, पटियाला में 29.5°C, बठिंडा में 30.5°C, फ़रीदकोट में 27.5°C और गुरदासपुर में 27°C दर्ज किया गया।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक पंजाब में आसमान साफ़ रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की और गिरावट संभावित है, जिससे राज्य में ठंड का असर तेज़ी से बढ़ सकता है।

ये भी पढ़ें- भारतीय दूतावास ने कुवैत में जारी की नई एडवाइजरी, हेल्पलाइन नंबर और ईमेल के इस्तेमाल की दी सलाह

Exit mobile version