जालंधर: सिविल अस्पताल में गुरुवार सुबह करीब 10 बजे कृष्णा लैब के बाहर उस समय हड़कंप मच गया, जब गोराया निवासी सुशीला पत्नी कुमार ने वहीं बच्चे को जन्म दे दिया। महिला अपने परिवार के सदस्यों के साथ अस्पताल पहुंची थी। रास्ते में ही उसे लेबर पेन शुरू हो गया था।
मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. नमिता घई ने बताया कि सुशीला के पहले से चार बच्चे हैं और यह उसकी पांचवीं डिलीवरी थी। महिला कृष्णा लैब के बाहर मौजूद थी, तभी डॉक्टर राउंड के लिए जा रहे थे। उन्होंने महिला को लेबर पेन में देखा और तुरंत स्टाफ को सूचित कर स्ट्रेचर मंगवाया। हालांकि, इससे पहले ही महिला ने लैब के बाहर बच्चे को जन्म दे दिया। मौके पर मौजूद डॉक्टर ने बच्चे को रिसीव किया और बाद में महिला को उपचार के लिए गायनी वार्ड में भर्ती करवाया गया।
डॉ. नमिता घई के अनुसार जच्चा और बच्चा दोनों की हालत स्थिर है। उन्होंने बताया कि जल्दबाजी में स्ट्रेचर लाकर महिला को अस्पताल ले जाया गया, जिसके कारण उस पर चादर डालने का ध्यान नहीं रहा। मेडिकल सुपरिटेंडेंट ने मरीजों और उनके परिजनों से अपील की कि आपात स्थिति में तुरंत डॉक्टर या अस्पताल स्टाफ को सूचना दें। उन्होंने घटना की वीडियो बनाने वालों से भी अपील की कि मदद करने के बजाय वीडियो बनाने की जगह डॉक्टरों को सूचना दें, ताकि समय रहते मां और बच्चे की जान बचाई जा सके। गनीमत रही कि दोनों स्वस्थ हैं।
📍 Location: जालंधर सिविल हॉस्पिटल (जालंधर)

