पंजाब डेस्कः पंजाब की दो बड़ी यूनिवर्सिटियों लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) और चितकारा यूनिवर्सिटी में छात्राओं से जुड़ी दो अलग-अलग संवेदनशील घटनाओं को लेकर पंजाब राज्य महिला आयोग ने गंभीरता दिखाई है। इन मामलों में कथित दुष्कर्म और एक छात्रा द्वारा आत्महत्या से जुड़े मामले शामिल हैं। दोनों घटनाओं को गंभीर मानते हुए महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है।
महिला आयोग ने अधिकारियों से मांगी रिपोर्ट
पंजाब राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष राज लाली गिल ने बताया कि आयोग ने दोनों मामलों में संबंधित जिला प्रशासन से पूरी जानकारी मांगी है। आयोग ने संबंधित डिप्टी कमिश्नर (DC) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को घटना की विस्तृत रिपोर्ट जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। राज लाली गिल के अनुसार, आयोग यह जानना चाहता है कि दोनों घटनाओं के पीछे क्या परिस्थितियां थीं और घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन तथा पुलिस की ओर से क्या कदम उठाए गए।
यूनिवर्सिटी प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई की होगी जांच
महिला आयोग इन मामलों में कई पहलुओं की जानकारी लेगा। इसमें यह देखा जाएगा कि घटना के बाद यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने कितनी जल्दी कार्रवाई की, पुलिस ने मामले को किस तरह संभाला और पीड़ित छात्राओं से जुड़े मामलों में अब तक क्या कार्रवाई हुई है। आयोग का कहना है कि मामले की पूरी जानकारी मिलने के बाद आगे की कार्रवाई को लेकर फैसला लिया जाएगा।
LPU में छात्र प्रदर्शन के बीच पहुंचे DGP गौरव यादव
इसी बीच लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में छात्र प्रदर्शन के बीच पंजाब के DGP गौरव यादव खुद स्थिति का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से हालात की जानकारी ली और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। DGP ने पुलिस अधिकारियों को कहा कि अगर कोई व्यक्ति हिंसा करता है या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई का भरोसा
DGP गौरव यादव ने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी दोषी को उसकी पहचान या प्रभाव के आधार पर छूट नहीं दी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि छात्रों और यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट के बीच दोबारा बैठक होगी, जिसमें छात्रों की समस्याओं और उनकी मांगों पर चर्चा की जाएगी।
शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले छात्रों की बात सुनी जाएगी
DGP ने कहा कि जो छात्र शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रख रहे हैं, उनकी समस्याओं को सुना जाएगा। छात्रों की चिंताओं को यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट के सामने रखा जाएगा, ताकि मामले का समाधान बातचीत के जरिए निकाला जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था खराब नहीं होने दी जाएगी।
पुलिस और मीडिया की गाड़ियों पर पथराव का दावा
पुलिस के मुताबिक, देर रात कुछ लोगों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। पुलिस का कहना है कि इस दौरान पुलिस और मीडिया की गाड़ियों पर पथराव और तोड़फोड़ की गई। इस घटना को लेकर पुलिस की ओर से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पथराव और तोड़फोड़ में कौन-कौन लोग शामिल थे।
LPU Rampage: Punjab DGP Gaurav Yadav visits University after violent protest by Students https://t.co/6PcZS912ou
— ANI (@ANI) September 28, 2026
निष्पक्ष जांच के निर्देश
DGP ने पुलिस कमिश्नर और SSP को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
अफवाहों से बचने की अपील
DGP गौरव यादव ने आम लोगों और छात्रों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा न करें और बिना पुष्टि के कोई जानकारी आगे न फैलाएं। उन्होंने मीडिया से भी अपील की कि किसी भी खबर को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले तथ्यों की पूरी तरह पुष्टि की जाए, ताकि गलत जानकारी के कारण स्थिति और न बिगड़े।
महिला आयोग की नजर दोनों मामलों पर
फिलहाल पंजाब राज्य महिला आयोग दोनों मामलों की जानकारी संबंधित जिला प्रशासन और पुलिस से जुटा रहा है। आयोग द्वारा मांगी गई रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, LPU में छात्रों के प्रदर्शन और देर रात हुई कथित हिंसा को लेकर पुलिस की जांच भी जारी है।

